वकील हत्याकांड: हत्यारोपी भाई के घर से मिलीं दो और अवैध पिस्टल; शव रखकर हाईवे जाम करने वाले 12 नामजद समेत 150 लोगों पर मुकदमा दर्ज
वकील हत्याकांड: हत्यारोपी भाई के घर से मिलीं दो और अवैध पिस्टल; शव रखकर हाईवे जाम करने वाले 12 नामजद समेत 150 लोगों पर मुकदमा दर्ज
देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेल नगर थाना क्षेत्र में बीते रविवार को हुई वकील सोहेल हारुन की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. पुलिस ने हत्या की वारदात के बाद शव को सड़क पर रखकर देहरादून-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे जाम करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में 12 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. वहीं दूसरी ओर, पुलिस जांच में हत्यारोपी भाई को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं और उसके घर से दो और अवैध पिस्टल बरामद की गई हैं.
सगे छोटे भाई ने ही की थी वकील की हत्या
बता दें कि पुलिस ने वारदात के महज 10 घंटे के भीतर ही वकील सोहेल हारुन के हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया था. जांच में सामने आया कि सोहेल की हत्या किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि उसके सगे छोटे भाई शाहिद ने की थी. दोनों भाइयों के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था, जिसके चलते शाहिद ने अपने बड़े भाई को गोली मार दी.
गुस्साए ग्रामीणों ने शव हाईवे पर रखकर किया था प्रदर्शन
पुलिस के अनुसार, 14 जून रविवार देर रात करीब 10.57 बजे भुड्डी गांव में सोहेल हारून को घर में घुसकर गोली मारने की सूचना मिली थी. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो सोहेल की मौत हो चुकी थी. जब पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने लगी, तो परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया. गुस्साए लोगों ने सोहेल का शव देहरादून-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद भी जब लोग नहीं माने, तो अब पुलिस ने कानून हाथ में लेने वालों पर कार्रवाई की है.
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध करने और लोक सेवक के कार्य में बाधा डालने की धाराओं में अरशद, वसीम, नौशाद, सैय्याद, समीर, अनवर अली, अजब, सरफराज, फुरकान, आरिफ, मोइन और अरशद को नामजद किया गया है, जबकि 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ है.
गेहूं के ड्रम में छिपाई थीं अवैध पिस्टल, पिता के एटीएम से खरीदे थे हथियार
पुलिस ने जब हत्यारोपी भाई शाहिद की कुंडली खंगाली तो कई हैरान करने वाली बातें सामने आईं. सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि शाहिद नशे का आदी है और उसे महंगी गाड़ियों में घूमने का शौक है. उसने पिछले दिनों 5 से 6 हजार रुपये प्रतिदिन के किराए पर एक कार भी ले रखी थी.
शाहिद को अवैध हथियार रखने का भी शौक था. उसने अपने पिता के एटीएम कार्ड से पैसे निकालकर दो अवैध पिस्टल खरीदी थीं. पुलिस ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो घर में रखे गेहूं के ड्रम से दो और अवैध पिस्टल बरामद हुईं. पुलिस के मुताबिक, जिस पिस्टल से सोहेल की हत्या की गई, वह भी अवैध थी. फिलहाल पुलिस उन लोगों की तलाश में जुटी है, जिन्होंने शाहिद को ये हथियार बेचे थे.
