पांच राज्यों में समय से पहले हो सकते हैं विधानसभा चुनाव: जनगणना 2027 को देखते हुए निर्वाचन आयोग कर सकता है बड़ा फैसला
पांच राज्यों में समय से पहले हो सकते हैं विधानसभा चुनाव: जनगणना 2027 को देखते हुए निर्वाचन आयोग कर सकता है बड़ा फैसला
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। चुनाव आयोग (ECI) के सूत्रों के अनुसार, इन राज्यों में विधानसभा चुनाव तय समय से कुछ हफ्ते पहले यानी नवंबर-दिसंबर में ही कराए जा सकते हैं। इस संभावित बदलाव के पीछे की मुख्य वजह फरवरी 2027 में होने वाला देश की जनगणना का दूसरा चरण है। माना जा रहा है कि प्रशासनिक दिक्कतों से बचने के लिए केंद्र सरकार भी समय से पहले चुनाव कराने के पक्ष में विचार कर रही है।
क्यों समय से पहले चुनाव कराना चाहती है सरकार?
देशभर में फरवरी 2027 से जनगणना का दूसरा चरण (जनसंख्या गणना) शुरू होना प्रस्तावित है। सामान्य तौर पर, चुनाव और जनगणना दोनों ही महत्वपूर्ण कार्यों में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों (जैसे शिक्षकों और प्रशासनिक अमले) की ड्यूटी लगाई जाती है। यदि चुनाव और जनगणना एक ही समय पर होते हैं, तो जनशक्ति (Manpower) का बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। इसी टकराव को टालने के लिए चुनावों को नवंबर-दिसंबर में ही निपटाने की सुगबुगाहट तेज हो गई है।
चुनाव आयोग लेगा अंतिम फैसला
चुनाव आयोग के सूत्रों का कहना है कि जनगणना से एक या दो महीने पहले चुनाव कब कराए जाएं, इसका अंतिम निर्णय आयोग की उच्च स्तरीय बैठक में ही लिया जाएगा। हालांकि, राजनीतिक दलों को इसका अंदेशा पहले से है और उन्होंने अंदरखाने अपनी चुनावी तैयारियां भी तेज कर दी हैं।
पांचों राज्यों की विधानसभाओं का मौजूदा कार्यकाल
इन राज्यों में सामान्य परिस्थितियों में फरवरी-मार्च 2027 में चुनाव होने थे। पांचों राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल इस प्रकार है:
राज्य. विधानसभा कार्यकाल की अंतिम तिथि
गोवा 14 मार्च 2027
मणिपुर 13 मार्च 2027
पंजाब 16 मार्च 2027
उत्तर प्रदेश 22 मई 2027
उत्तराखंड 28 मई 2027
नोट: हालांकि राजनीतिक गलियारों में समय से पहले चुनाव की चर्चा तेज है, लेकिन मणिपुर में मौजूदा परिस्थितियों और जातीय तनाव को देखते हुए वहां समय से पहले चुनाव कराने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है।
जनगणना 2027 के लिए टोल-फ्री नंबर जारी
रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना कमिश्नर कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आगामी डिजिटल जनगणना 2027 के लिए देशभर में टोल-फ्री नंबर 1855 एक्टिव कर दिया गया है। इस नंबर पर कॉल करके नागरिक जनगणना से जुड़ी कोई भी जरूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं। यह सूचना सेवा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगी।
