चुनाव से भागे TMC नेता जहांगीर खान की पुलिस ने फिर निकाली परेड: कान पकड़कर और हाथ जोड़कर मांगी माफी
चुनाव से भागे TMC नेता जहांगीर खान की पुलिस ने फिर निकाली परेड: कान पकड़कर और हाथ जोड़कर मांगी माफी
कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान खुद को फिल्म ‘पुष्पा’ के हीरो की तरह पेश करने वाले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता जहांगीर खान पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पश्चिम बंगाल पुलिस ने दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा इलाके में एक बार फिर जहांगीर खान की सड़कों पर परेड कराई। इस दौरान पुलिस ने करीब 4 घंटे तक उसे पूरे इलाके में घुमाया, जहां वह हॉफ पैंट पहने, हाथ जोड़े और कान पकड़कर स्थानीय लोगों से माफी मांगता नजर आया। जहांगीर की इस परेड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इससे पहले भी जब पुलिस ने ‘कट मनी’ (जबरन वसूली) मामले में जहांगीर को गिरफ्तार किया था, तब भी उसकी इसी तरह परेड निकाली गई थी।
नेपाल बॉर्डर से हुई थी गिरफ्तारी
जहांगीर खान के खिलाफ फाल्टा पुलिस स्टेशन में रंगदारी, धोखाधड़ी और हिंसा समेत करीब 7 एफआईआर दर्ज हैं। पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने 8 जून को उसे नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे दक्षिण 24 परगना लाया गया और पहली बार 11 जून को उसकी परेड निकाली गई थी। अब पुलिस ने दोबारा उसकी परेड कराकर इलाके में कानून का खौफ पैदा करने की कोशिश की है।
चुनाव प्रचार में कहा था- ‘झुकेगा नहीं’: चुनाव प्रचार के दौरान जहांगीर खान ने खुद की तुलना फिल्मी किरदार ‘पुष्पा’ से की थी और मंचों से “पुष्पा झुकेगा नहीं…” जैसे डायलॉग बोले थे। लेकिन अब पुलिसिया कार्रवाई के बाद उनके सुर पूरी तरह बदले नजर आ रहे हैं।
ऐन वक्त पर चुनाव से पीछे हटकर फरार हुआ था जहांगीर
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने जहांगीर खान को फाल्टा विधानसभा सीट से अपना आधिकारिक प्रत्याशी बनाया था। हालांकि, इस सीट पर मतदान के दौरान हुई व्यापक गड़बड़ियों और हिंसा के चलते चुनाव को रद्द करना पड़ा था।
इसके बाद जब निर्वाचन आयोग ने यहां दोबारा चुनाव (Re-polling) कराने का फैसला किया, तो मतदान से महज 48 घंटे पहले जहांगीर खान ने अचानक अपना नामांकन वापस लेने की घोषणा कर दी और पीछे हट गया। इस चौंकाने वाले कदम के बाद से ही वह पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
कोलकाता लाने की तैयारी
फाल्टा में लगातार दो बार परेड कराने और स्थानीय स्तर पर जांच पड़ताल के बाद अब पश्चिम बंगाल पुलिस जहांगीर खान को कोलकाता लाने की तैयारी में है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, उसके खिलाफ दर्ज अन्य गंभीर आपराधिक मामलों और जबरन वसूली के नेटवर्क को तोड़ने के लिए उसे कोलकाता लाकर आगे की पूछताछ की जाएगी।
