जेवर का ऐतिहासिक दिन: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्री उड़ानें शुरू; पहली फ्लाइट को मिला वाटर कैनन सैल्यूट
जेवर का ऐतिहासिक दिन: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्री उड़ानें शुरू; पहली फ्लाइट को मिला वाटर कैनन सैल्यूट, 175 किसान जाएंगे लखनऊ
बिजनेस एवं एविएशन डेस्क
नोएडा/जेवर: दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के इतिहास में आज का दिन (15 जून) सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXN) से आज से यात्री उड़ानों (Commercial Flights) की आधिकारिक शुरुआत हो गई है। पहले दिन विमानन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने उद्घाटन के लिए एक खास तिहरा/त्रिकोणीय रूट (Lucknow-Noida-Bengaluru) तैयार किया है। जेवर एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली पहली फ्लाइट का भव्य वाटर कैनन सैल्यूट (Water Cannon Salute) से स्वागत किया गया।
पहली उड़ान: लखनऊ से नोएडा (फ्लाइट नंबर 6E-2278)
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के इतिहास में सबसे पहली लैंडिंग करने वाली उद्घाटन उड़ान लखनऊ से सुबह 7:05 बजे टेक ऑफ करने के बाद ठीक 8:05 बजे जेवर एयरपोर्ट पर उतरी।
इस ऐतिहासिक उड़ान में सीआरसी ग्रुप के साथ दिल्ली-एनसीआर, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 75 नामी बिजनेसमैन, उद्यमी, निवेशक और कारोबारी नेता शामिल थे। कारोबारियों का कहना है कि इस एयरपोर्ट के शुरू होने से नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स और निवेश के नए अवसर बढ़ेंगे, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा होगा। इस फ्लाइट में आम पैसेंजर्स के साथ विमानन मंत्रालय, DGCA और एयरपोर्ट ऑपरेटर (Zurich Airport/NIAL) के शीर्ष अधिकारी भी सवार थे। नोएडा में लैंड करने के बाद यही विमान बेंगलुरु के लिए रवाना हो गया।
दूसरी उड़ान: नोएडा से लखनऊ (फ्लाइट नंबर 6E-2279) में जाएंगे जेवर के किसान
यह नोएडा एयरपोर्ट से शाम को उड़ान भरने वाली एक बेहद विशेष वापसी उड़ान होगी। यह विमान दोपहर में बेंगलुरु से उड़कर शाम 6:20 बजे नोएडा आएगा। इसके बाद शाम 6:55 बजे यह नोएडा से उड़ान भरेगा और रात 8:00 बजे लखनऊ पहुंचेगा।
इस उड़ान की सबसे खास बात यह है कि इसमें जेवर के वे 170 किसान और मजदूर (जिनमें 20 महिलाएं भी शामिल हैं) सफर करेंगे, जिन्होंने इस भव्य इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी पुश्तैनी जमीनें सरकार को दी थीं। जेवर के स्थानीय विधायक धीरेंद्र सिंह इस पूरे किसान दल को अपने साथ लेकर लखनऊ जा रहे हैं, जहां ये सभी किसान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। लखनऊ जाने वाली महिला यात्रियों ने इस सम्मान के लिए पीएम मोदी और सीएम योगी का विशेष धन्यवाद किया।
पहले दिन का पूरा शेड्यूल: 6-7 उड़ानें भरेंगी आसमान
पहले दिन जेवर एयरपोर्ट से कुल 6-7 उड़ानें संचालित हो रही हैं। इसके बाद कल से ‘आकासा एयरलाइन’ (Akasa Air) की उड़ानें भी यहाँ से शुरू हो जाएंगी। पहले दिन का शेड्यूल इस प्रकार है:
लखनऊ से नोएडा: सुबह 07:05 – 08:05
हैदराबाद से नोएडा: सुबह 06:00 – 08:35
नोएडा से बेंगलुरु: सुबह 08:35 – 11:05
नोएडा से अमृतसर: सुबह 10:10 – दोपहर 11:20
अमृतसर से नोएडा: दोपहर 12:15 – दोपहर 01:20
नोएडा से हैदराबाद: दोपहर 02:50 – शाम 04:50
बेंगलुरु से नोएडा: दोपहर 03:45 – शाम 06:20
नोएडा से लखनऊ (आखिरी फ्लाइट): शाम 06:55 – रात 08:00
ऐतिहासिक पल के गवाह बनने पहुंचे पैसेंजर्स
इस उद्घाटन के गवाह बनने के लिए पैसेंजर्स में भारी उत्साह देखा गया। पश्चिम विहार से जेवर एयरपोर्ट पहुंचे कुछ यात्रियों ने बताया कि उन्होंने इस पहली फ्लाइट के लिए काफी पहले से टिकट बुक करा रखी थी। उनका कहना था कि पहली फ्लाइट चाहे कहीं की भी होती, वे सिर्फ इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने के लिए इसमें सफर करने को उत्सुक थे।
