ट्रेन में खाना ऑर्डर करने वाले यात्री सावधान! IRCTC ने अवैध ई-कैटरिंग वेबसाइटों पर कसा शिकंजा
ट्रेन में खाना ऑर्डर करने वाले यात्री सावधान! IRCTC ने अवैध ई-कैटरिंग वेबसाइटों पर कसा शिकंजा
नई दिल्ली। ट्रेन यात्रा के दौरान ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की गई है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने कई ऐसी वेबसाइटों और मोबाइल ऐप्स के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है, जो उसके नाम और ब्रांड का गलत इस्तेमाल कर यात्रियों को ई-कैटरिंग सेवाएं देने का दावा कर रही थीं।
IRCTC के अनुसार, ये प्लेटफॉर्म अधिकृत सूची में शामिल नहीं हैं, फिर भी यात्रियों से पीएनआर नंबर, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और भुगतान संबंधी जानकारी लेकर ऑर्डर बुक कर रहे थे। इससे यात्रियों के स्वास्थ्य, वित्तीय सुरक्षा और निजी डेटा पर खतरा पैदा हो रहा था।
पहले चेतावनी, फिर कानूनी कार्रवाई
अधिकारियों के मुताबिक, शिकायतें मिलने के बाद IRCTC ने सबसे पहले 18 फरवरी को संबंधित वेबसाइटों और ऐप्स को कानूनी नोटिस जारी किया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर 16 मार्च को पहली और 11 अप्रैल को दूसरी आधिकारिक आपराधिक शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद अवैध ऑपरेटरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।
इन वेबसाइटों पर हुई कार्रवाई
IRCTC ने जिन अनधिकृत प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई की है, उनमें RailRestro, RailMitra, TravelKhana, TrainsCafe, DIB Rail, RailFood, ComeSum, Traveler Food, Food On Track, eCatering App, Khana Online, TrainWay, RailMeal और TrainMenu जैसी वेबसाइटें और ऐप्स शामिल हैं।
यात्रियों के लिए दो बड़े खतरे
IRCTC के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को दो प्रमुख जोखिमों से बचाना है।
पहला खतरा स्वास्थ्य से जुड़ा है। अनधिकृत प्लेटफॉर्म ऐसे रेस्तरां से भोजन मंगवा सकते हैं जो भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के मानकों का पालन नहीं करते। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच को लेकर कोई सुनिश्चित व्यवस्था नहीं होती, जिससे यात्रियों के बीमार पड़ने का खतरा बढ़ जाता है।
दूसरा खतरा साइबर और वित्तीय सुरक्षा का है। ऑर्डर बुकिंग के दौरान यात्रियों से व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी ली जाती है, जिससे फिशिंग, डेटा चोरी और ऑनलाइन धोखाधड़ी का जोखिम बढ़ जाता है। इसके अलावा ऑर्डर में गड़बड़ी होने पर शिकायत निवारण की भी कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं होती।
केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म से करें बुकिंग
IRCTC ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे केवल अधिकृत ई-कैटरिंग सेवाओं का ही उपयोग करें। इसके लिए आधिकारिक ई-कैटरिंग पोर्टल, फूड ऑन ट्रैक मोबाइल ऐप तथा IRCTC से जुड़े अधिकृत फूड एग्रीगेटर्स और विक्रेताओं के माध्यम से ही खाना बुक करें। इससे सुरक्षित भुगतान, गुणवत्तापूर्ण भोजन और शिकायत निवारण की सुविधा सुनिश्चित होती है।
बड़े फूड ब्रांड्स भी जुड़े
IRCTC के ई-कैटरिंग नेटवर्क से कई प्रमुख फूड ब्रांड जुड़े हुए हैं, जिनमें Domino’s Pizza, Pizza Hut, McDonald’s, KFC, Haldiram’s, Bikanervala, Behrouz Biryani, Biryani By Kilo और Faasos शामिल हैं।
400 से अधिक स्टेशनों पर उपलब्ध सेवा
IRCTC के अनुसार, अप्रैल 2026 तक उसकी ई-कैटरिंग सेवा देश के 400 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध थी। इस नेटवर्क में 629 प्रत्यक्ष विक्रेता, 13 अधिकृत फूड एग्रीगेटर्स और 5,604 से अधिक सेलर जुड़े हुए हैं। इस सुविधा के तहत आरक्षित ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों को उनकी सीट तक भोजन पहुंचाया जाता है।
आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2026 में IRCTC की ई-कैटरिंग सेवा के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 1.55 लाख से अधिक भोजन ऑर्डर किए गए, जो इस सेवा की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
