Friday, September 11, 2026
Latest:
राजनीति

LPG के दाम बढ़ने पर बिफरा विपक्ष: अखिलेश यादव ने शायरी से साधा निशाना, कांग्रेस बोली- ‘महंगाई मैन मोदी’ का चाबुक फिर चला

LPG के दाम बढ़ने पर बिफरा विपक्ष: अखिलेश यादव ने शायरी से साधा निशाना, कांग्रेस बोली- ‘महंगाई मैन मोदी’ का चाबुक फिर चला

​नई दिल्ली: घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर (LPG Cylinder) की कीमतों में 29 रुपये की ताजा बढ़ोतरी के बाद देश में सियासत पूरी तरह गरमा गई है। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष एक बार फिर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमलावर हो गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है और इसे जनता की जेब पर डकैती करार दिया है।

​अखिलेश यादव का शायराना हमला

​समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर शायराना अंदाज में सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने लिखा:

​”रोटी के महंगे होने से थाली गई रूठ,

भाजपा से अब तो, हर आस गई टूट।”

​अखिलेश यादव ने इस दो लाइन की शायरी के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की है कि बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी की थाली से रोटी दूर होती जा रही है और अब जनता का इस सरकार से भरोसा उठ चुका है।

​’महंगाई मैन मोदी का चाबुक फिर चला’ – कांग्रेस

​दूसरी तरफ, कांग्रेस पार्टी ने भी अपने ऑफिशियल ‘एक्स’ हैंडल से एक बेहद आक्रामक पोस्ट साझा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधा है। कांग्रेस ने लिखा:

​”‘महंगाई मैन मोदी’ का चाबुक फिर चला है। अब घरेलू गैस सिलेंडर 29 रुपए महंगा कर दिया गया। मोदी का फंडा साफ है- जनता से वसूली करो, अमीर दोस्त की तिजोरी भरो।”

​आज से लागू हुईं नई दरें

​गौरतलब है कि सरकारी तेल कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये का इजाफा किया है। इस बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये पर पहुंच गई है। नई कीमतें आज यानी 7 जून 2026 से प्रभावी हो गई हैं।

​इससे पहले 1 जून को भी 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 42 रुपये बढ़ाए गए थे। पिछले पांच महीनों (फरवरी से जून) के भीतर कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी देखी गई है, जिसमें अकेले अप्रैल महीने में ही ₹993 की रिकॉर्ड वृद्धि की गई थी।

​सीएनजी (CNG) की बढ़ती कीमतों पर भी घेरा

​विपक्ष ने एलपीजी के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा है। हाल ही में सीएनजी के दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है। 15 मई के बाद से चार अलग-अलग संशोधनों के जरिए सीएनजी कुल 6 रुपये प्रति किलोग्राम तक महंगी हो चुकी है। विपक्ष का आरोप है कि चौतरफा महंगाई के कारण आम और मध्यमवर्गीय परिवारों का जीना दूभर हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *