उत्तराखंड

राहुल गांधी की रैली से लौट रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कार नदी में गिरी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख की मौत, दो गंभीर

राहुल गांधी की रैली से लौट रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कार नदी में गिरी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख की मौत, दो गंभीर

​अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में आयोजित कांग्रेस की जनसभा से वापस लौट रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कार अचानक अनियंत्रित हो गई। बेकाबू कार सड़क किनारे लगे पैराफिट को तोड़ते हुए करीब 50 मीटर नीचे सीधे नदी में जा गिरी। इस भीषण सड़क हादसे में मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख व वरिष्ठ कांग्रेस नेता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

​कांचुला पुल के पास हुआ हादसा

​जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा अल्मोड़ा-शेराघाट मोटर मार्ग पर कांचुला पुल के पास हुआ। हादसे का शिकार हुए तीनों लोग पिथौरागढ़ के नाचनी क्षेत्र के रहने वाले थे। वे कार संख्या (UK 04 Y 2999) से अल्मोड़ा में आयोजित राहुल गांधी की रैली में शामिल होने आए थे। दोपहर करीब 2 बजे वापसी के दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई।

​हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। स्थानीय निवासी गंगा सिंह और उनके साथियों ने पुलिस के साथ मिलकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद घायलों और मृतक के शव को नदी से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।

​मौसम खराब होने के कारण रद्द हुई थी रैली

​धौलछीना थाना प्रभारी सुनील सिंह बिष्ट ने बताया कि नाचनी से तीनों कार्यकर्ता सुबह करीब 11:20 बजे जनसभा स्थल पहुंचे थे। दोपहर करीब 12:20 बजे मंच से कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने घोषणा की कि खराब मौसम के चलते राहुल गांधी का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।

​इसके बाद जनसभा में आए लोग वापस लौटने लगे। ये तीनों कार्यकर्ता भी जनसभा स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बनी पार्किंग तक पैदल गए और वहां से कार में सवार होकर अपने घर के लिए रवाना हुए थे, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।

​पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथ्याल का निधन, दो घायल

​इस हादसे में नाचनी निवासी वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख/पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुंदन सिंह बथ्याल (70 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

​इसके अलावा कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी पहचान इस प्रकार है:

​गणेश कुमार (उम्र 32 वर्ष)

​भूपेंद्र प्रसाद (उम्र 25 वर्ष)

​दोनों घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद भी दोनों की हालत नाजुक बनी हुई थी, जिसे देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अल्मोड़ा अस्पताल रेफर कर दिया है।

​नाचनी क्षेत्र में शोक की लहर, दिग्गजों ने जताया दुख

​कुंदन सिंह बथ्याल नाचनी क्षेत्र के एक बेहद सम्मानित और कद्दावर नेता थे। वे मुनस्यारी के ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य रहने के साथ-साथ नाचनी व्यापार संघ के अध्यक्ष भी थे। वह क्षेत्र में एक निजी स्कूल का संचालन भी करते थे। उनके परिवार में दो बेटे हैं, जिनमें से एक दिल्ली में नौकरी करता है और दूसरा नाचनी में ही दुकान चलाता है।

​उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे नाचनी और पिथौरागढ़ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके आकस्मिक निधन पर विधायक बिशन सिंह चुफाल, मयूख महर, हरीश धामी, दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्या, पूर्व विधायक मीना गंगोला, ब्लॉक प्रमुख (बेरीनाग) संगीता चन्याल, ज्येष्ठ प्रमुख धीरज बिष्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रेखा भंडारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश कुमार द्विवेदी और पूर्व दर्जा राज्य मंत्री खजान गुड्डू समेत तमाम राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *