राज्यसभा चुनाव: BJP ने 11 उम्मीदवारों की सूची जारी की
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने विभिन्न राज्यों में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए अपने 11 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने कई वरिष्ठ नेताओं और क्षेत्रीय चेहरों पर भरोसा जताया है। राजनीतिक रूप से सबसे बड़ा बदलाव गुजरात में होने जा रहा है, जहां इस चुनाव के बाद इतिहास में पहली बार राज्यसभा में कांग्रेस का कोई सदस्य नहीं बचेगा।
भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा घोषित उम्मीदवारों की सूची इस प्रकार है:
अरुणाचल प्रदेश से पार्टी ने द्विवार्षिक चुनाव के लिए ताई तागाक को अपना प्रत्याशी बनाया है।
गुजरात की चार सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए भाजपा ने राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जीतेंद्र मेघजीभाई कंजारिया को मैदान में उतारा है। राज्य विधानसभा के मौजूदा समीकरणों को देखते हुए इन चारों ही उम्मीदवारों की जीत पूरी तरह तय मानी जा रही है। इसके साथ ही गुजरात के संसदीय इतिहास में पहली बार ऐसा होगा जब उच्च सदन (राज्यसभा) में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व शून्य हो जाएगा।
मध्य प्रदेश से पार्टी ने अपने राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार घोषित किया है।
राजस्थान से भाजपा ने डॉ. अलका गुर्जर और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया को उच्च सदन भेजने का फैसला किया है।
मणिपुर की सीट के लिए ए. शारदा देवी को प्रत्याशी बनाया गया है।
ओडिशा में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने देबाशीष सामंतराय को अपना उम्मीदवार चुना है। यह उपचुनाव दिलचस्प है क्योंकि यह सीट खुद देबाशीष सामंतराय के इस्तीफे के बाद ही खाली हुई थी। सामंतराय पहले बीजू जनता दल (BJD) के राज्यसभा सांसद थे, लेकिन हाल ही में वे बीजद छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे, जिसके बाद भाजपा ने उन्हें इसी सीट से दोबारा मौका दिया है।
