नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद अपने ही घर में डिटेन, ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ से पहले पुलिस का सख्त पहरा
नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद अपने ही घर में डिटेन, ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ से पहले पुलिस का सख्त पहरा
बिजनौर/लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। नगीना लोकसभा सीट से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को पुलिस ने उनके धामपुर (बिजनौर) स्थित आवास पर नजरबंद (डिटेन) कर लिया है। चंद्रशेखर आजाद गुरुवार (4 जून 2026) से अपनी महत्वाकांक्षी ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ का आगाज करने वाले थे, लेकिन इससे ठीक पहले उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
इस बात की जानकारी खुद चंद्रशेखर आजाद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो और पोस्ट साझा करते हुए दी। इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद उन्होंने एलान किया है कि वे आज रात 8 बजे लाइव आकर अपनी आगे की रणनीति का खुलासा करेंगे और जरूरत पड़ने पर सरकार द्वारा दी गई पुलिस सुरक्षा भी छोड़ सकते हैं।
”जितना दबाओगे, उतनी बुलंद होगी आवाज़” — चंद्रशेखर आजाद
घर में डिटेन किए जाने के बाद चंद्रशेखर आजाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर सरकार के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने लिखा:
”सत्ता परिवर्तन यात्रा का आगाज आज नगीना लोकसभा के बिजनौर से होने जा रहा है, ऐसे में भाजपा की तानाशाह सरकार द्वारा चन्द्रशेखर आजाद को डिटेन करके क्या जनता की आवाज़ को रोका जा सकता है? जितना दबाओगे, उतनी बुलंद होगी आवाज़! लोकतंत्र में डर सत्ता को होता है, जनता को नहीं।”
साझा किए गए वीडियो में चंद्रशेखर आजाद ने सीधे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, “मुख्यमंत्री दो दिन पहले ही यहां (बिजनौर) आए थे और उन्होंने निर्देश दिया है कि यह ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ नहीं होनी चाहिए। जिस सत्ता के कार्यकाल में हमारे लोगों का दमन हो रहा है, हम उसका परिवर्तन करके ही दम लेंगे। हम अपने लोगों को जगाने और उन्हें एकजुट करने के लिए यह यात्रा निकाल रहे हैं।”
”फर्जी सुरक्षा का क्या फायदा, मैं मौत से नहीं डरता”
प्रशासनिक रुख से नाराज सांसद ने सुरक्षा वापस करने की चेतावनी देते हुए कहा, “हमारे लोगों ने खून-पसीने की कमाई लगाकर इस यात्रा की भव्य तैयारी की थी, लेकिन जिस तरह का अन्याय आज हो रहा है, वह बेहद तकलीफदेह है। मैं देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से पूछना चाहता हूं कि जब मैं अपने लोगों के बीच जा ही नहीं सकता, उनसे बात नहीं कर सकता, तो मुझे दी गई इस फर्जी पुलिस सुरक्षा का क्या फायदा? अगर सरकार मुझे इसी तरह रोकेगी, तो मैं इस सुरक्षा को छोड़ दूंगा। मैं मौत से नहीं डरता हूं।”
आज रात 8 बजे फेसबुक लाइव पर लेंगे बड़ा संकल्प
चंद्रशेखर ने अपने समर्थकों से आज रात 8 बजे फेसबुक पर जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा, “मैं आज रात आठ बजे फेसबुक लाइव आकर संकल्प लूंगा। हमारी बहन-बेटियों की अस्मत लूटी जा रही है, गरीबों के घरों पर बुलडोजर चल रहे हैं, नौजवान बेरोजगार हैं, पेपर लीक हो रहे हैं और महंगाई ने कमर तोड़ दी है, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों को इसका अहसास नहीं है। मैं आखिरी वक्त तक कोशिश करूंगा कि पुलिस प्रशासन मेरी बात मान जाए और यात्रा की अनुमति दे। अगर वे नहीं मानते हैं, तो मैं जो भी संकल्प लूंगा उसे निभाऊंगा—चाहे इसके लिए मुझे अपनी सुरक्षा छोड़नी पड़े या घर-बार। मैं बहुत जिद्दी आदमी हूं।”
आजाद समाज पार्टी ने की तत्काल रिहाई की मांग
इस कार्रवाई के बाद आजाद समाज पार्टी के आधिकारिक हैंडल से भी उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया गया है। पार्टी ने ‘एक्स’ पर लिखा:
”हम उत्तर प्रदेश सरकार से मांग करते हैं कि भाई चन्द्रशेखर आजाद जी को तत्काल रिहा किया जाए और उन्हें अपनी यात्रा और जनसंपर्क कार्यक्रम निर्बाध रूप से संचालित करने दिया जाए। लोकतंत्र में जनता की आवाज को पुलिस बल और प्रशासनिक दबाव के माध्यम से दबाया नहीं जा सकता। परिवर्तन की मांग को रोकने का हर प्रयास अंततः जनता की लोकतांत्रिक शक्ति के सामने विफल होगा।”
फिलहाल धामपुर में चंद्रशेखर आजाद के आवास के बाहर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और बड़ी संख्या में उनके समर्थक जुटना शुरू हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
