मनोरंजन

‘ग्राम चिकित्सालय 2’ की रिलीज डेट का ऐलान: 23 जून को प्राइम वीडियो पर लौटेगा 7.1 रेटिंग वाला ये कॉमेडी-ड्रामा

‘ग्राम चिकित्सालय 2’ की रिलीज डेट का ऐलान: 23 जून को प्राइम वीडियो पर लौटेगा 7.1 रेटिंग वाला ये कॉमेडी-ड्रामा

इस साल की शुरुआत में प्राइम वीडियो (Prime Video) ने अपनी अपकमिंग फिल्मों और वेब सीरीज की एक बड़ी सूची जारी की थी, जिसमें ‘द वायरल फीवर’ (TVF) की कई चर्चित सीरीज शामिल थीं। इस लिस्ट में ‘पंचायत’ और ‘एस्पिरेंट्स’ के साथ-साथ ‘ग्राम चिकित्सालय’ का नाम भी प्रमुखता से शामिल था। ‘एस्पिरेंट्स’ का नया सीजन पहले ही दर्शकों के बीच आ चुका है और अब ‘पंचायत’ के आने से पहले ‘ग्राम चिकित्सालय’ के दूसरे सीजन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मेकर्स ने आज आधिकारिक तौर पर इसकी रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है।

​7.1 IMDb रेटिंग वाली यह बेहद लोकप्रिय वेब सीरीज एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस सीरीज का अब तक एक सफल सीजन आ चुका है, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था।

​23 जून को प्राइम वीडियो पर दस्तक देगी सीरीज

​प्राइम वीडियो ने आज दर्शकों का लंबा इंतजार खत्म करते हुए ‘ग्राम चिकित्सालय’ के दूसरे सीजन की रिलीज डेट 23 जून तय कर दी है। ललितम तिवारी के निर्देशन में बनी इस सीरीज को टीवीएफ (TVF) ने प्रोड्यूस किया है, जबकि इसकी खूबसूरत और जमीनी कहानी को वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव ने लिखा है। ‘भठकंडी’ नाम के एक काल्पनिक गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित इस कॉमेडी-ड्रामा सीरीज में इस बार भी 5 एपिसोड्स होने की चर्चा है। यह सीरीज हंसी-मजाक के साथ देश के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की कड़वी सच्चाइयों और ग्रामीणों के अनोखे अंदाज को पर्दे पर उतारेगी।

​इस बार भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव की भी एंट्री

​’ग्राम चिकित्सालय’ के नए सीजन में पुराने कलाकारों के साथ कुछ नए चेहरे भी नजर आने वाले हैं। मुख्य स्टारकास्ट की बात करें तो:

​अमोल पाराशर (डॉ. प्रभात के मुख्य किरदार में)

​विनय पाठक

​आकांक्षा रंजन कपूर

​आकाश मखीजा

​आनंदेश्वर द्विवेदी

​गरिमा विक्रांत सिंह

​खास बात यह है कि इस नए सीजन में भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज कलाकार और राजनेता दिनेश लाल यादव (निरहुआ) भी एक बेहद अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। यह सीरीज भारत सहित दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में सिर्फ प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम की जाएगी।

​सिद्धांतों और कड़वी हकीकत के बीच होगी डॉ. प्रभात की जंग

​सीरीज की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी जहां इसका पहला सीजन खत्म हुआ था। नए सीजन में डॉ. प्रभात (अमोल पाराशर) का सफर जारी रहेगा, जो भठकंडी गांव के एक बदहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की सूरत बदलने के अपने मिशन में जुटे हैं। हालांकि, वे धीरे-धीरे गांव वालों का भरोसा जीतने में कामयाब हो जाते हैं, लेकिन उनके जीवन और सिस्टम की मुश्किलें खत्म नहीं होतीं। इस बार डॉ. प्रभात को समझ आएगा कि गांव के सरकारी अस्पताल को सुचारू रूप से चलाने के लिए सिर्फ डॉक्टरी की डिग्री काफी नहीं होती, बल्कि स्थानीय राजनीति और व्यावहारिक योजनाओं से भी निपटना पड़ता है।

​ग्रामीण मिट्टी से जुड़ी कहानियों को पसंद कर रहे हैं दर्शक: मेकर्स

​इस खास मौके पर प्राइम वीडियो इंडिया के डायरेक्टर और कंटेंट लाइसेंसिंग हेड मनीष मेघानी ने कहा, “दर्शकों की पसंद में अब एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। लोग अब शहरों की चकाचौंध के बजाय गांव की मिट्टी और वहां के रोजमर्रा के जीवन से जुड़ी सच्ची कहानियों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। ‘ग्राम चिकित्सालय’ के पहले सीजन को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद, हमें इसका अगला भाग दर्शकों के सामने लाते हुए बेहद खुशी हो रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *