भारतीय सिनेमा की कालजयी फिल्म ‘लगान’ के 25 साल पूरे: 12 जून से तीन दिनों के लिए सिनेमाघरों में फिर होगी रिलीज, नया ट्रेलर जारी
भारतीय सिनेमा की कालजयी फिल्म ‘लगान’ के 25 साल पूरे: 12 जून से तीन दिनों के लिए सिनेमाघरों में फिर होगी रिलीज, नया ट्रेलर जारी
मुंबई: भारतीय सिनेमा के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुई आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘लगान: वन्स अपॉन अ टाइम इन इंडिया’ के रिलीज के 25 साल पूरे होने जा रहे हैं। इस ऐतिहासिक मौके का जश्न मनाने के लिए मेकर्स ने फिल्म को एक बार फिर बड़े पर्दे पर रिलीज करने का फैसला किया है। सोशल मीडिया पर फिल्म का एक नया और खास ट्रेलर भी शेयर किया गया है, जिसने दर्शकों की पुरानी यादों को ताजा कर दिया है।
आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन और आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म की दमदार कहानी, कलाकारों के बेमिसाल अभिनय और ए.आर. रहमान के जादुई संगीत ने इसे भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में से एक बना दिया है।
सिनेमाघरों में 3 दिन रहेगा ‘लगान’ का कब्जा
’लगान’ के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में यह फिल्म आगामी 12, 13 और 14 जून को सिनेमाघरों में दोबारा प्रदर्शित की जाएगी। जून के दूसरे हफ्ते में दर्शक तीन दिनों तक बड़े पर्दे पर इस क्लासिक फिल्म का आनंद ले सकेंगे। गौरतलब है कि 15 जून 2001 को जब ‘लगान’ पहली बार रिलीज हुई थी, तब बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला सनी देओल की ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ से हुआ था और दोनों ही फिल्मों ने इतिहास रच दिया था।
अतीत के सफर पर ले जाता है नया ट्रेलर
फिल्म का नया ट्रेलर दर्शकों को वक्त में पीछे ले जाने वाले एक खूबसूरत सफर की तरह है। इसमें आजादी से पहले के दौर, ग्रामीण भारत की सादगी, ब्रिटिश राज के अत्याचार, ‘लगान’ की समस्या और विपरीत परिस्थितियों में भारतीय ग्रामीणों के जज्बे को बखूबी दिखाया गया है। फिल्म में आमिर खान और ग्रेसी सिंह ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।
दिग्गज कलाकारों की फौज और यादगार संगीत
’लगान’ की सफलता में इसके हर एक किरदार का बड़ा योगदान रहा है। फिल्म में सुहासिनी मुले, कुलभूषण खरबंदा, राजेंद्र गुप्ता, रघुबीर यादव, राजेश विवेक, श्रीवल्लभ व्यास, राज जुत्शी, प्रदीप रावत, अखिलेन्द्र मिश्रा, दयाशंकर पांडेय, यशपाल शर्मा, आदित्य लाखिया और ए.के. हंगल जैसे दिग्गज भारतीय कलाकारों के साथ-साथ ब्रिटिश स्टार्स रेचल शेली और पॉल ब्लैकथॉर्न ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं।
कहानी और किरदारों के अलावा फिल्म का संगीत आज भी लोगों की जुबां पर है। ऑस्कर के लिए नामांकित हो चुकी इस फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार ए. आर. रहमान ने तैयार किया था। फिल्म के ‘घनन घनन’, ‘मितवा’, ‘राधा कैसे ना जले’ और ‘ओ रे छोरी’ जैसे गाने आज भी उतने ही चाव से सुने जाते हैं।
जीते थे 8 नेशनल अवॉर्ड्स
’लगान’ ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि समीक्षकों की तरफ से भी इसे भरपूर सराहना मिली थी। 49वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में इस फिल्म ने ‘बेस्ट पॉपुलर फिल्म’ (मनोरंजन प्रदान करने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म) समेत कुल आठ नेशनल अवॉर्ड्स अपने नाम कर एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया था। अब 25 साल बाद फैंस के पास इस सिनेमाई जादू को थिएटर्स में दोबारा जीने का सुनहरा मौका है।
