ईरान-अमेरिका पीस डील पूरी तरह पटरी से उतरी, तेहरान ने तोड़ी बैक-चैनल बातचीत; स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज बंद करने की धमकी
ईरान-अमेरिका पीस डील पूरी तरह पटरी से उतरी, तेहरान ने तोड़ी बैक-चैनल बातचीत; स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज बंद करने की धमकी
मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में जारी भीषण जंग के बीच वैश्विक शांति की बची-खुची उम्मीदें भी अब पूरी तरह धुंधली पड़ती दिख रही हैं। लेबनान पर इजरायल के लगातार बढ़ते हमलों से भड़के ईरान ने अमेरिका के साथ जारी बैक-चैनल (गुप्त) बातचीत और संदेशों के आदान-प्रदान पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। ईरानी सरकारी मीडिया ‘तस्नीम न्यूज’ के मुताबिक, तेहरान की नेगोशिएटिंग (वार्ताकार) टीम ने मध्यस्थ देशों के जरिए अमेरिका से होने वाले हर तरह के संपर्क पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया है। करीब तीन महीने से चल रहे इस युद्ध को रोकने के लिए किए जा रहे तमाम अंतरराष्ट्रीय राजनयिक प्रयास अब पूरी तरह से फेल होते नजर आ रहे हैं, जिसका सीधा मतलब है कि अब ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर कोई समझौता नहीं होगा।
’रेसिस्टेंस फ्रंट’ का नया एजेंडा: हॉर्मुज जलडमरूमध्य को ठप करने की तैयारी
अमेरिका से बातचीत टूटने के बाद ईरान और उसके ‘रेसिस्टेंस फ्रंट’ (जिसमें यमन के हूती विद्रोही, लेबनान का हिजबुल्लाह और इराक के शिया लड़ाके शामिल हैं) ने एक नया और खतरनाक एजेंडा तैयार किया है। इसके तहत वैश्विक व्यापार की लाइफलाइन माने जाने वाले स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज (होर्मुज जलडमरूमध्य) को पूरी तरह से बंद करने और अन्य युद्ध मोर्चों को और अधिक सक्रिय करने की खुली धमकी दी गई है, ताकि इजरायल और उसकी मदद कर रहे पश्चिमी देशों को एक सख्त संदेश दिया जा सके।
बाब-अल-मंदेब पर कब्जे की धमकी, वैश्विक सप्लाई चेन पर बड़ा खतरा
अगर ईरान के इशारे पर यमन के हूती विद्रोही इस जंग में एक और नया मोर्चा खोलते हैं, तो उनका सबसे पहला और सीधा निशाना बाब-अल-मंदेब (Bab-el-Mandeb) जलडमरूमध्य होगा। यमन के तट पर स्थित यह बेहद संकरा समुद्री रास्ता वैश्विक शिपिंग के लिए रीढ़ की हड्डी माना जाता है, क्योंकि दुनिया का सारा प्रमुख समुद्री ट्रैफिक इसी रास्ते से होकर स्वेज नहर की तरफ बढ़ता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि इसे ब्लॉक किया जाता है, तो दुनिया भर का व्यापार और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन पूरी तरह ठप हो जाएगी, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचेगा।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची का अमेरिका-इजरायल को खुला अल्टीमेटम
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर बेहद सख्त और आक्रामक लहजे में अमेरिका और इजरायल को चेतावनी दी है। लेबनान में चल रहे इजरायली सैन्य ऑपरेशनों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए अराघची ने लिखा:
”किसी भी एक मोर्चे पर (इजरायल द्वारा) किया गया उल्लंघन यह साफ करता है कि सभी मोर्चों पर युद्धविराम (सीजफायर) का उल्लंघन माना जाएगा। इसके बाद क्षेत्र में जो भी गंभीर और विनाशकारी परिणाम होंगे, उनकी पूरी जिम्मेदारी सीधे तौर पर अमेरिका और इजरायल की होगी।”
