उत्तराखंड

​केदारनाथ यात्रा: मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले घोड़ा हॉकर्स पर पुलिस का चाबुक, लौटाए हजारों रुपये

​केदारनाथ यात्रा: मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले घोड़ा हॉकर्स पर पुलिस का चाबुक, लौटाए हजारों रुपये

​रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड)। श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों से धोखाधड़ी, ओवररेटिंग और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ रुद्रप्रयाग पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओं से ठगे गए हजारों रुपये वापस दिलवाए हैं। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले हॉकर्स के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है।

​भीमबली पुलिस चेकिंग में खुला मामला

​जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर करेली एवं इंदौर से आए श्रद्धालु दिनेश विश्वकर्मा, राकेश पटेल, दीपक राय, निर्मला, संगीता गाडेकर और मालिनी रखूंदे बाबा केदार के दर्शन के लिए गौरीकुंड पहुंचे थे। यहां कुछ घोड़ा हॉकर्स ने इन यात्रियों को झांसा देकर 6 घोड़ों के लिए करीब 39,500 रुपये वसूल लिए और जिला पंचायत की कोई अधिकृत पर्ची भी नहीं दी।

​यात्रा मार्ग पर भीमबली के पास जब पुलिस टीम रूटीन चेकिंग कर रही थी, तब यह मामला सामने आया। पूछताछ में यात्रियों ने पुलिस को बताया कि उनसे गौरीकुंड से केदारनाथ तक के लिए प्रति सवारी 6,500 रुपये वसूले गए हैं, जबकि प्रशासन द्वारा इसके लिए निर्धारित सरकारी दर 3,500 रुपये प्रति सवारी है।

​मालवाहक घोड़ों से ढो रहे थे सवारी, नहीं था लाइसेंस

​श्रद्धालुओं की शिकायत पर पुलिस ने जब संबंधित घोड़ा हॉकर्स को पकड़कर उनसे लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज मांगे, तो उनके पास कोई वैध कागजात नहीं मिले। जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि जिन घोड़ों का उपयोग यात्रियों को ले जाने के लिए किया जा रहा था, वे वास्तव में मालवाहक (सामान ढोने वाले) घोड़े थे।

​81 पुलिस एक्ट के तहत चालान: पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए घोड़ा हॉकर्स से यात्रियों की पूरी रकम वापस करवाई। इसके साथ ही बिना पर्ची संचालन, अवैध वसूली और नियमों के उल्लंघन के आरोप में हॉकर्स का 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान काटा गया।

​यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: एसपी

​मामले की जानकारी देते हुए रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक (SP) नीहारिका तोमर ने कहा:

​”केदारनाथ यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों से ठगी, अवैध वसूली और अनधिकृत गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। देश-विदेश से आने वाले यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

​चारधाम मार्ग पर भीषण जाम, रेंग रहे हैं वाहन

​एक तरफ जहां पुलिस प्रशासन असामाजिक तत्वों पर नकेल कस रहा है, वहीं दूसरी तरफ चारधाम यात्रा मार्ग इन दिनों भीषण जाम की चपेट में है। धारी देवी से बदरीनाथ धाम तक और केदारनाथ हाईवे पर रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड तक कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।

​चिलचिलाती धूप और जाम के झाम से यात्री खासे परेशान दिखाई दे रहे हैं। सड़कों पर गाड़ियां रेंगने को मजबूर हैं, जिससे यात्रियों का काफी समय बर्बाद हो रहा है। हालांकि, पुलिस और स्थानीय प्रशासन जाम को खुलवाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए दिन-रात कड़ी मशक्कत कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *