RR vs MI: राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रनों से रौंदा; आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली आखिरी टीम बनी
RR vs MI: राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रनों से रौंदा; आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली आखिरी टीम बनी
मुंबई: राजस्थान रॉयल्स (RR) ने आईपीएल 2026 में प्लेऑफ का चौथा और आखिरी टिकट अपने नाम कर लिया है। रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए एक बेहद रोमांचक और ‘करो या मरो’ के मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस (MI) को 30 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ राजस्थान 14 मैचों में 16 अंक लेकर अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का सफर 14 मैचों में 10वीं हार के साथ नौवें पायदान पर समाप्त हुआ।
इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 205 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट गंवाकर 175 रन ही बना सकी।
जोफ्रा आर्चर की रफ्तार के आगे लड़खड़ाई मुंबई
206 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही और पावरप्ले में ही उसके चार बड़े बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।
रोहित का खाता भी नहीं खुला: दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा को पहले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर ने शून्य (0) पर आउट कर मुंबई को पहला झटका दिया।
इसके बाद आर्चर ने नमन धीर (6) को बोल्ड किया, जबकि नांद्रे बर्गर ने रयान रिकेल्टन (12) को पवेलियन भेजा। बृजेश शर्मा ने तिलक वर्मा (3) को छठे ओवर में बोल्ड कर पावरप्ले खत्म होने तक मुंबई का स्कोर 49/4 कर दिया।
सूर्या की अर्धशतकीय पारी भी नहीं दिला सकी जीत
चार विकेट जल्दी गिर जाने के बाद सूर्यकुमार यादव ने विल जैक्स के साथ मिलकर पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी की। विल जैक्स ने 18 गेंदों में 33 रन बनाए। इसके बाद सूर्या ने कप्तान हार्दिक पांड्या (34 रन, 15 गेंद) के साथ छठे विकेट के लिए 48 रन जोड़े।
जोफ्रा आर्चर ने हार्दिक को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। मुंबई की आखिरी उम्मीद सूर्यकुमार यादव के रूप में टूटी, जिन्होंने 42 गेंदों में 3 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 60 रनों की शानदार पारी खेली। उन्हें नांद्रे बर्गर ने 18वें ओवर में कॉट एंड बोल्ड किया। राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि यशराज पुंजा, नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा को दो-दो विकेट मिले।
राजस्थान रॉयल्स की पारी: मध्यक्रम के दम पर बनाया बड़ा स्कोर
इससे पहले, बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत सधी हुई रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (27) और वैभव सूर्यवंशी (4) के जल्दी आउट होने के बाद कप्तान रियान पराग भी सिर्फ 14 रन ही बना सके। पावरप्ले में राजस्थान का स्कोर 54/3 था।
इसके बाद मध्यक्रम में ध्रुव जुरेल और दासुन शनाका ने पारी को आगे बढ़ाया। शनाका ने 15 गेंदों में 29 रन बनाए और जुरेल के साथ चौथे विकेट के लिए 45 रनों की पार्टनरशिप की। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने 26 गेंदों में 38 रनों की उपयोगी पारी खेली। अंत में जोफ्रा आर्चर के तेजतर्रार 32 रन (15 गेंद), रवींद्र जडेजा के नाबाद 19 रन और नांद्रे बर्गर के नाबाद 10 रनों की बदौलत राजस्थान रॉयल्स 205 के मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। मुंबई के लिए दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर ने दो-दो विकेट लिए।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI:
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, यशराज पुंजा, बृजेश शर्मा।
मुंबई इंडियंस: रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पाना (कप्तान), विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, अल्लाह गजनफर, रघु शर्मा।
