उत्तराखंड

​डिजिटल मैपिंग और रिकॉर्ड स्वगणना के साथ उत्तराखंड में जनगणना का पहला चरण संपन्न, अब 2027 में होगी लोगों की गिनती

​डिजिटल मैपिंग और रिकॉर्ड स्वगणना के साथ उत्तराखंड में जनगणना का पहला चरण संपन्न, अब 2027 में होगी लोगों की गिनती

​देहरादून: उत्तराखंड में ‘जनगणना-2027’ के पहले चरण का काम निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। प्रदेश भर में 25 अप्रैल 2026 से शुरू हुआ मकान सूचीकरण (House Listing) और मकानों की गणना का यह महत्वपूर्ण कार्य 24 मई 2026 को पूरी तरह संपन्न हो गया।

​इस अभियान के तहत राज्य के सभी 29,665 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स (HLB) में शत-प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। डिजिटल तकनीक को बढ़ावा देते हुए इन सभी ब्लॉक्स को ‘हाउस लिस्टिंग ब्लॉक क्रिएटर’ (HLBC) पोर्टल पर डिजिटली मैप किया गया था। कुल ब्लॉक्स में से 24,625 ग्रामीण/जिला क्षेत्रों और 5,040 नगर निगम क्षेत्रों के अंतर्गत आते हैं। इस महाअभियान को जमीन पर उतारने के लिए जनगणना कार्य निदेशालय की ओर से 20,859 एन्यूमरेटर्स (गणनाकता) और 3,670 सुपरवाइजर्स की भारी-भरकम टीम तैनात की गई थी।

​सभी 13 जिलों में ब्लॉकवार (HLB) गणना की स्थिति

​राज्य के सभी 13 जिलों में जमीनी स्तर पर गठित किए गए हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स (HLB) की संख्या इस प्रकार रही:

​पौड़ी: 3,501 | हरिद्वार: 3,077 | उधमसिंह नगर: 2,643

​अल्मोड़ा: 2,429 | टिहरी: 2,185 | देहरादून: 1,981

​पिथौरागढ़: 1,846 | नैनीताल: 1,775 | चमोली: 1,469

​बागेश्वर: 1,069 | उत्तरकाशी: 950 | चंपावत: 904

​रुद्रप्रयाग: 793

​प्रदेश के 11 नगर निगमों में काम पूरा

​शहरी क्षेत्रों की सटीक मॉनिटरिंग के लिए राज्य के 11 नगर निगमों में भी व्यापक स्तर पर सर्वे किया गया, जिसकी ब्लॉकवार स्थिति निम्नलिखित है:

​देहरादून: 1,957 | हल्द्वानी: 678 | रुद्रपुर: 577

​हरिद्वार: 446 | रुड़की: 350 | काशीपुर: 317

​कोटद्वार: 244 | ऋषिकेश: 181 | पिथौरागढ़: 143

​अल्मोड़ा: 89 | श्रीनगर: 58

​71 हजार से अधिक परिवारों ने किया डिजिटल ‘स्वगणना’ का इस्तेमाल

​इस बार जनगणना के मुख्य चरण की शुरुआत से पहले आम जनता को खुद अपनी जानकारी दर्ज करने का एक आधुनिक विकल्प दिया गया था। 10 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच चलाए गए ‘स्वगणना’ (Self-Enumeration) अभियान को उत्तराखंड के नागरिकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला। पूरे प्रदेश में 71,104 परिवारों ने डिजिटल माध्यम से अपनी स्वगणना की।

​स्वगणना करने वाले परिवारों का जिलावार आंकड़ा:

देहरादून (12,778), नैनीताल (10,253), हरिद्वार (8,090), उधम सिंह नगर (6,588), अल्मोड़ा (4,863), बागेश्वर (4,552), पिथौरागढ़ (4,027), पौड़ी (3,831), चं‍पावत (3,742), टिहरी (3,701), उत्तरकाशी (3,414), चमोली (3,341) और रुद्रप्रयाग (1,924)।

​आगे क्या होगा? जानिए दूसरा शेड्यूल

​मकानों की लिस्टिंग का काम समय पर खत्म होने के बाद अब प्रशासन अगले चरणों की तैयारियों में जुट गया है:

​स्नोबाउंड (बर्फबारी वाले) क्षेत्र: उत्तराखंड के ऊंचे और दुर्गम स्नोबाउंड इलाकों में रहने वाले लोगों की वास्तविक गणना का कार्य इसी साल 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 के बीच पूरा किया जाएगा।

​मुख्य जनसंख्या गणना: दूसरे चरण के तहत देश के बाकी हिस्सों के साथ-साथ उत्तराखंड के आम मैदानी व अन्य क्षेत्रों में लोगों की वास्तविक गिनती का मुख्य कार्य अगले साल 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *