राजनीति

अजय राय की पीएम मोदी पर टिप्पणी पर भड़के सीएम योगी, कहा— ‘कांग्रेस का मानसिक दिवालियापन’

अजय राय की पीएम मोदी पर टिप्पणी पर भड़के सीएम योगी, कहा— ‘कांग्रेस का मानसिक दिवालियापन’

​लखनऊ / नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की एक अमर्यादित और अभद्र टिप्पणी को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत में उबाल आ गया है। कांग्रेस नेता के इस बयान पर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। भाजपा नेताओं ने इसे कांग्रेस की हताशा, बौखलाहट और ‘राजनीतिक कुसंस्कार’ का प्रतीक बताया है।

​दरअसल, सोशल मीडिया पर अजय राय का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कार में बैठे हुए हैं और कार के पास खड़े लोगों से प्रधानमंत्री मोदी के विषय में अपशब्द कहते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा पूरी तरह हमलावर हो गई है।

​सीएम योगी बोले— ‘देशवासियों से क्षमा मांगने लायक भी नहीं बची कांग्रेस’

​मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने लिखा:

​”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विषय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है। पूर्व में कांग्रेस के ‘युवराज’ भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं। कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियापन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है। अब देशवासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं रही है।”

​’राहुल गांधी की अमर्यादित भाषा की बीमारी नीचे तक फैली’: केशव प्रसाद मौर्य

​डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास अब न तो जनाधार बचा है और न ही जनता का विश्वास। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा:

​मर्यादा लांघी: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अमर्यादित भाषा की ‘बीमारी’ अब पूरी कांग्रेस में नीचे तक फैल चुकी है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष भी प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग कर मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ चुके हैं।

​सत्ता से दूर होने की छटपटाहट: लगातार मिल रही चुनावी हार ने कांग्रेस को मानसिक रूप से दिवालिया कर दिया है। प्रधानमंत्री पर कांग्रेस नेताओं का कहा हर अपशब्द सत्ता से दूर होने की छटपटाहट का सबूत है। देश की जनता ऐसे अहंकारी और संस्कारविहीन नेताओं को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।

​यूपी भाजपा अध्यक्ष ने याद दिलाया पुराना दिन: ‘दुकान मोहब्बत की और नीयत इतनी कड़वी?’

​यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी अजय राय के इस व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई और उन्हें वह समय याद दिलाया जब वे बीमार थे। पंकज चौधरी ने लिखा:

​”जब होने लगे अंत की आहट तो आने लगी शब्दों में गिरावट। बीमार होने पर जिस प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक रूप से अजय राय जी के स्वस्थ होने की कामना की थी, आज उसी जनसेवक को ये अपशब्द कह रहे हैं। दुकान ‘मोहब्बत’ की और नीयत इतनी कड़वी?”

​उन्होंने आगे कहा कि जब कांग्रेस के पास जनता के हित, विकास कार्यों और राष्ट्र निर्माण के मुद्दों पर बोलने के लिए कुछ नहीं बचता, तब उनके नेता मर्यादा भूलकर व्यक्तिगत टिप्पणी और अपशब्दों (विषवमन) का सहारा लेते हैं। इस अपमानजनक व्यवहार का जवाब देश की जागरूक जनता चुनाव में अवश्य देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *