Thursday, September 10, 2026
Latest:
अन्तर्राष्ट्रीय

ईरान ने ट्रंप-जिनपिंग मीटिंग का बनाया मजाक, AI वीडियो से US कूटनीति पर साधा निशाना

ईरान ने ट्रंप-जिनपिंग मीटिंग का बनाया मजाक, AI वीडियो से US कूटनीति पर साधा निशाना

ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव अब व्यंग्य और सोशल मीडिया पर भी पहुंच गया है। ताजिकिस्तान स्थित ईरानी दूतावास ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की हालिया बैठक पर एक व्यंग्यात्मक एनिमेटेड AI वीडियो जारी किया है, जिसमें अमेरिकी कूटनीति को पूरी तरह से लाचार और बेबस दिखाया गया है।

वीडियो का नाम ‘ओडा शो’ है, जो करीब 1 मिनट 26 सेकंड लंबा है। इसमें ट्रंप को चीन के पारंपरिक कपड़ों में दिखाया गया है। वीडियो की शुरुआत एक पहाड़ी मंदिर के दृश्य से होती है, जहां ट्रंप के साथ एलन मस्क और मार्को रुबियो जैसे किरदार भी नजर आते हैं।

https://x.com/i/status/2056237788610076900

ट्रंप का कैरिकेचर चीन से मदद मांगते हुए कहता है कि ईरान पर अपना प्रभाव डालकर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को कम किया जाए। साथ ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में चल रहे समुद्री तनाव को कम करने की गुहार लगाई जाती है। वीडियो में ट्रंप को बोइंग जेट सौदों, अंतरराष्ट्रीय टैरिफ और ताइवान विवाद पर बड़ी-बड़ी डींगें हांकते हुए दिखाया गया है, लेकिन शी जिनपिंग पूरे समय चुप्पी साधे रहते हैं।

मीटिंग के बाद ट्रंप अपनी टीम के सामने दावा करते हैं कि बैठक बहुत सफल रही और “ऐसे ही नेगोशिएशन होते हैं”। ईरानी दूतावास ने इस वीडियो को शेयर करते हुए अमेरिकी कूटनीति पर तीखा कटाक्ष किया है।

यह वीडियो ईरान की तरफ से हालिया घटनाओं के बीच जारी डिजिटल प्रचार का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें AI का इस्तेमाल कर अमेरिका और ट्रंप की छवि को कमजोर दिखाने की कोशिश की जा रही है।

यह घटना ट्रंप-जिनपिंग शिखर सम्मेलन के ठीक बाद आई है, जिसमें ईरान, तेल की कीमतें और क्षेत्रीय तनाव जैसे मुद्दे चर्चा में रहे थे। ईरान का यह व्यंग्य वैश्विक स्तर पर वायरल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *