देहरादून में बड़ी कार्रवाई: महाराष्ट्र नंबर की स्कॉर्पियो से ₹1.55 करोड़ कैश बरामद, सीट के नीचे बना था सीक्रेट केबिन
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पुलिस को चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कैंट थाना पुलिस ने बिना वैध दस्तावेजों के शहर में दाखिल हो रही महाराष्ट्र नंबर की एक संदिग्ध स्कॉर्पियो कार को सीज किया है। जब आयकर विभाग (Income Tax Department) की टीम को बुलाकर वाहन की गहनता से तलाशी ली गई, तो कार के भीतर बनाए गए एक बेहद शातिर ‘सीक्रेट केबिन’ से 1 करोड़ 55 लाख रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद हुई। इस मामले में पुलिस और आयकर विभाग की टीम कार सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
चेकिंग के दौरान रुकवाई संदिग्ध कार, गुजरात के निकले आरोपी
सीओ सिटी (CO City) स्वप्निल मुयाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को कैंट पुलिस द्वारा राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र के सिरमौर मार्ग पर रूटीन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो कार को जांच के लिए रोका गया।
वाहन में सवार तीन व्यक्तियों से जब पूछताछ की गई, तो उनकी पहचान इस प्रकार हुई:
सतीश भाई (वाहन चालक) – निवासी जिला मेहसाणा, गुजरात
ठाकुर जसवंत संघ बनाजी – निवासी जिला पाटन, गुजरात
सचिन पटेल – निवासी विसनगर, गुजरात
सख्ती से पूछताछ में खुला ‘सीक्रेट केबिन’ का राज
जब पुलिस टीम ने चालक से वाहन के वैध दस्तावेज और प्रपत्र मांगे, तो वह घबरा गया और गोलमोल जवाब देने लगा। पुलिस को उसकी हरकतों पर शक हुआ, जिसके बाद जब तीनों से सख्ती से पूछताछ की गई, तो चालक ने स्वीकार किया कि गाड़ी के भीतर भारी मात्रा में कैश छिपाकर रखा गया है।
आरोपियों ने कार की बीच वाली और पिछली सीट के बीच के हिस्से को मॉडिफाई करके एक गुप्त केबिन (Secret Cabin) बना रखा था, ताकि पुलिस या किसी चेकिंग टीम को भनक न लग सके।
आयकर विभाग ने संभाला मोर्चा, नकदी जब्त
वाहन में करोड़ों रुपये का कैश होने की पुष्टि होते ही कैंट पुलिस ने तुरंत आयकर विभाग के आला अधिकारियों को इसकी सूचना दी। आयकर टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उनकी आधिकारिक मौजूदगी में जब सीक्रेट केबिन को खोला गया, तो उसमें से कुल 1 करोड़ 55 लाख रुपये के नोट बरामद हुए।
इतनी बड़ी रकम को लेकर जब तीनों आरोपियों से पैसे के स्रोत (Source) और टैक्स से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी वैध कागज या सबूत पेश नहीं कर पाए। इसके बाद टीम ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि को अपने कब्जे में ले लिया।
बनारस से देहरादून लाया जा रहा था कैश:
शुरुआती पूछताछ में कार चालक सतीश भाई ने पुलिस को बताया कि वह यह पूरी धनराशि उत्तर प्रदेश के बनारस (वाराणसी) से लेकर आया था। इस रकम को देहरादून लाकर गाड़ी में ही मौजूद जसवंत नाम के व्यक्ति को सौंपा जाना था। हालांकि, यह पैसा किसका है और इसे कहां खपाया जाना था, इसकी सही जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि कैंट पुलिस ने बिना वैध कागजात के चल रहे महाराष्ट्र नंबर के इस वाहन को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर दिया है। वहीं, बरामद हुई 1.55 करोड़ की धनराशि के संबंध में आयकर विभाग की टीम तीनों आरोपियों के बयान दर्ज कर आगे की जांच में जुट गई है। इस पूरे सिंडिकेट और हवाला कनेक्शन के कोण से भी मामले का आंकलन किया जा रहा है।
