PM मोदी की अपील बेअसर: वाराणसी में नवनियुक्त मंत्री ने निकाला सैकड़ों गाड़ियों का काफिला, लगा लंबा जाम
PM मोदी की अपील बेअसर: वाराणसी में नवनियुक्त मंत्री ने निकाला सैकड़ों गाड़ियों का काफिला, लगा लंबा जाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘सादगी और ईंधन बचाने’ की नसीहत को दरकिनार कर वीआईपी संस्कृति (VIP Culture) दिखाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। प्रधानमंत्री के अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में उत्तर प्रदेश सरकार के नवनियुक्त मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के स्वागत के दौरान नियमों और अपीलों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं।
स्वागत में गाड़ियों की कतार और बुलडोजर
नवनियुक्त मंत्री के वाराणसी आगमन पर उनके समर्थकों ने भव्य स्वागत की तैयारी की थी। इस दौरान काफिले में दर्जनों नहीं बल्कि सैकड़ों गाड़ियां शामिल थीं। हद तो तब हो गई जब मंत्री जी के स्वागत के लिए सड़कों पर बुलडोजर भी खड़े किए गए। इस शक्ति प्रदर्शन और भारी तामझाम के कारण वाराणसी की सड़कों पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पीएम मोदी और सीएम योगी की अपील हवा-हवाई
यह पूरा वाकया इसलिए विवादों में है क्योंकि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेल संकट और फिजूलखर्ची को रोकने के लिए मंत्रियों और देशवासियों से अपने काफिले छोटे करने और ईंधन बचाने की भावुक अपील की थी। खुद पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने अपने काफिलों की गाड़ियों की संख्या को आधा कर दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सभी मंत्रियों को अपने बेड़े में 50 फीसदी कटौती करने के सख्त निर्देश दिए थे।
विपक्ष और सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
प्रधानमंत्री की अपील और मुख्यमंत्री के सख्त दिशा-निर्देशों के बावजूद खुद बीजेपी के ही मंत्री द्वारा इस तरह सैकड़ों गाड़ियों का काफिला निकालने पर अब राजनीति गरमा गई है। सोशल मीडिया पर लोग इस वीआईपी कल्चर की तीखी आलोचना कर रहे हैं। वहीं, विपक्ष ने भी सरकार को घेरते हुए कहा है कि बीजेपी के मंत्रियों के लिए प्रधानमंत्री के नियम और निर्देश कोई मायने नहीं रखते और आम जनता को सिर्फ उपदेश दिए जाते हैं।
