राजनीति

UP मंत्रिमंडल विस्तार पर अखिलेश की चुटकी बोले ‘दिल्ली से पर्ची आ गई क्या’

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ सरकार और भाजपा पर तीखा तंज कसा है। अखिलेश ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, “दिल्ली से पर्ची आ गई क्या?”

अखिलेश यादव ने लिखा, “सुना है यूपी में कैबिनेट का विस्तार हो रहा है या यूँ कहें कि मुख्यमंत्री जी की शक्ति का ‘कटाव-झटाव’ हो रहा है। जिनका मंत्रिमंडल है उनसे भी तो कोई पूछ लें।”

उन्होंने आगे मंत्रिमंडल विस्तार में महिलाओं को आरक्षण देने की मांग भी की। अखिलेश ने कहा कि “हमारी मांग है कि यूपी के मंत्रिमंडल विस्तार में महिलाओं को आरक्षण दिया जाए।”

सियासी तंज और अटकलें

अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय में आया है जब योगी सरकार रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार करने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक कुछ नए चेहरों को मंत्री बनाया जा सकता है। सपा प्रमुख ने इसे केंद्र की दखलंदाजी और मुख्यमंत्री की शक्ति कम करने की कोशिश बताया है।

उन्होंने ‘अगल-बगल’ की जोड़ी का भी जिक्र किया, जिसे उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक पर कटाक्ष माना जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि जनता पूछ रही है कि क्या भाजपा में आए दलबदलू नेताओं को इन सीमित पदों पर पुरस्कृत किया जाएगा।

विपक्ष का हमला, सत्ता पक्ष चुप

यह बयान 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले सियासी सरगर्मी बढ़ा रहा है। सपा इसे भाजपा की कमजोरियों को उजागर करने का मौका मान रही है, जबकि भाजपा इसे विपक्ष का बयानबाजी वाला रवैया बता रही है।

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लखनऊ में हलचल तेज है। नए मंत्रियों के नामों पर कयासबाजी जारी है, जिसमें विभिन्न जातीय समीकरणों को साधने की कोशिश की जा रही है।

अखिलेश का तंज: दिल्ली से पर्ची आए या न आए, लेकिन UP की सियासत में ‘कटाव-झटाव’ की ये कहानी 2027 तक और गर्म होती दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *