खेल

‘मुझे पूरी तरह अपमानित किया गया’: जेसन गिलेस्पी ने PCB पर लगाए गंभीर आरोप, कोच पद छोड़ने की बताई असली वजह

‘मुझे पूरी तरह अपमानित किया गया’: जेसन गिलेस्पी ने PCB पर लगाए गंभीर आरोप, कोच पद छोड़ने की बताई असली वजह

लाहौर: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज और पाकिस्तान टेस्ट टीम के पूर्व हेड कोच जेसन गिलेस्पी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि बोर्ड के कई फैसलों ने उन्हें पूरी तरह अपमानित महसूस कराया। गिलेस्पी ने अप्रैल 2024 में पाकिस्तान की रेड-बॉल टीम के कोच का पद संभाला था, लेकिन सिर्फ आठ महीने बाद दिसंबर में इस्तीफा दे दिया। अब एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक क्यू एंड ए सेशन में उन्होंने अपनी चुप्पी तोड़ी।

एक यूजर के सवाल “पाकिस्तान कोचिंग क्यों छोड़ी?” पर गिलेस्पी ने लिखा, “मैं पाकिस्तान टेस्ट टीम का कोचिंग कर रहा था। PCB ने हमारे सीनियर असिस्टेंट कोच टिम नीलसन को बिना मेरे से कोई बात किए बर्खास्त कर दिया। हेड कोच होने के नाते मैंने इस स्थिति को पूरी तरह अस्वीकार्य पाया। इसके अलावा कई अन्य मुद्दे थे जिन्होंने मुझे पूरी तरह अपमानित कर दिया।”

गिलेस्पी का कार्यकाल मिश्रित रहा – बांग्लादेश से घरेलू सीरीज में 0-2 की हार के बाद इंग्लैंड को घर पर 2-1 से हराया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज जीती, लेकिन साउथ अफ्रीका टूर से पहले उन्होंने फ्लाइट बोर्ड करने से इनकार कर इस्तीफा दे दिया। सूत्रों के मुताबिक, चयन प्रक्रिया में दखल, स्टाफ फैसलों में अनदेखी और कम्युनिकेशन की कमी मुख्य कारण थे।

इस खुलासे से PCB की कार्यशैली फिर सवालों के घेरे में आ गई है। पहले गैरी किर्स्टन ने भी इसी तरह के आरोप लगाकर व्हाइट-बॉल कोच पद छोड़ा था। गिलेस्पी के बाद आकिब जावेद अंतरिम कोच बने। क्रिकेट जगत में चर्चा है कि PCB की अस्थिर नीतियां विदेशी कोचों को निराश कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *