अन्तर्राष्ट्रीयराष्ट्रीय

स्पेस से लौटी ‘चुहिया’ बनी मां: 9 स्वस्थ बच्चे देकर इंसानी अंतरिक्ष कॉलोनी के सपने को मिली नई उम्मीद

स्पेस से लौटी ‘चुहिया’ बनी मां: 9 स्वस्थ बच्चे देकर इंसानी अंतरिक्ष कॉलोनी के सपने को मिली नई उम्मीद

बीजिंग: चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर गई एक मादा चूहे ने पृथ्वी पर लौटकर मां बनने का इतिहास रच दिया है। शेनझोउ-21 मिशन के तहत अक्टूबर 2025 में स्पेस स्टेशन पर भेजी गई चार चूहों (दो नर, दो मादा) में से एक मादा ने 14 नवंबर को धरती लौटने के बाद गर्भधारण किया और 10 दिसंबर को 9 बच्चे पैदा किए। इनमें से 6 बच्चे पूरी तरह स्वस्थ और सक्रिय हैं, जो सामान्य दर मानी जाती है। मां चूहिया अपने बच्चों को सामान्य रूप से दूध पिला रही है।

यह चीन का पहला ऐसा प्रयोग है जिसमें स्तनधारी जीवों को स्पेस में भेजकर उनकी प्रजनन क्षमता का अध्ययन किया गया। चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज (CAS) के शोधकर्ताओं के अनुसार, दो हफ्ते की माइक्रोग्रैविटी और स्पेस रेडिएशन के बावजूद चूहे की प्रजनन पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ा। CAS की जूलॉजी इंस्टीट्यूट की शोधकर्ता वांग होंगमेई ने कहा, “यह साबित करता है कि कम अवधि की स्पेस यात्रा स्तनधारियों की प्रजनन क्षमता को प्रभावित नहीं करती। यह अंतरिक्ष पर्यावरण के शुरुआती विकास पर प्रभाव समझने के लिए मूल्यवान सैंपल प्रदान करता है।”

शोधकर्ता अब इन ‘स्पेस पप्स’ की ग्रोथ, फिजियोलॉजिकल बदलाव और अगली पीढ़ी की प्रजनन क्षमता पर नजर रखेंगे। यह प्रयोग मानव अंतरिक्ष मिशनों, खासकर मंगल यात्रा और लंबी अवधि की कॉलोनियों के लिए महत्वपूर्ण है, जहां प्रजनन एक बड़ा सवाल है। पहले के प्रयोगों में स्पेस से लौटे चूहों के स्पर्म से पृथ्वी पर बच्चे पैदा हुए थे, लेकिन यह पहली बार है जब पूरी मादा स्पेस गई और लौटकर मां बनी।

वैज्ञानिकों का मानना है कि यह सफलता इंसानों के लिए स्पेस में प्रजनन की संभावनाओं को मजबूत करती है, हालांकि लंबी अवधि के प्रभावों पर और रिसर्च जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *