गंगोत्री हाईवे पर देवदार कटान के खिलाफ ‘रक्षा सूत्र आंदोलन’, लोगों ने पेड़ों को बांधे रक्षासूत्र!
गंगोत्री हाईवे पर देवदार कटान के खिलाफ ‘रक्षा सूत्र आंदोलन’, लोगों ने पेड़ों को बांधे रक्षासूत्र!
उत्तरकाशी: गंगोत्री नेशनल हाईवे के झाला–भैरों घाटी खंड में ऑल वेदर रोड के नाम पर हो रहे बड़े पैमाने पर देवदार कटान के खिलाफ स्थानीय लोग और पर्यावरण प्रेमी सड़कों पर उतर आए हैं। भागीरथी इको-सेंसिटिव जोन के भीतर सड़क चौड़ीकरण से हिमालयी पारिस्थितिकी को खतरा बताते हुए लोगों ने ‘रक्षा सूत्र आंदोलन’ शुरू किया है। सैकड़ों देवदार के पेड़ों पर पीले-लाल रक्षासूत्र बांधकर ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि “पेड़ नहीं कटने देंगे”।
पर्यावरणविद् हेमंत ध्यानी और सुरेश भाई के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन को सुप्रीम कोर्ट की चारधाम निगरानी समिति और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का भी खुला समर्थन मिला है। लोगों का कहना है कि देवदार के जंगल ग्लेशियरों, गंगा और मिट्टी को थामे रखते हैं; इनके कटने से भूस्खलन और बाढ़ का खतरा कई गुना बढ़ जाएगा।
स्थानीय महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग एकजुट होकर पेड़ों से लिपट रहे हैं। उनका सवाल है – “विकास के नाम पर हिमालय को क्यों बर्बाद किया जा रहा है?” आंदोलन तेज होने पर प्रशासन ने फिलहाल कटान रोक दिया है, लेकिन लोग तब तक डटे रहने की बात कह रहे हैं जब तक लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता।
