मोकामा में जनसुराज समर्थक की गोली मार हत्या, चुनाव प्रचार के दौरान काफिले पर हमला
मोकामा में जनसुराज समर्थक की गोली मार हत्या
चुनाव प्रचार के दौरान काफिले पर हमला, अनंत सिंह समर्थकों पर आरोप
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मोकामा के घोसवरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को जनसुराज पार्टी समर्थक दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना तब हुई जब जनसुराज प्रत्याशी पियूष प्रियदर्शी के काफिले पर हमला बोला गया। मृतक पियूष के चाचा थे।
घटना की पूरी जानकारी:
सूत्रों के अनुसार, पियूष प्रियदर्शी का काफिला चुनाव प्रचार के लिए टाल क्षेत्र में जा रहा था। इसी दौरान एनडीए प्रत्याशी अनंत सिंह के काफिले के पीछे चलते हुए दोनों पक्षों में झड़प हो गई। जनसुराज समर्थकों ने आरोप लगाया कि अनंत सिंह के समर्थक गाड़ियों से उतरकर लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर हमला कर दिया। गोलीबारी में दुलारचंद यादव को सिर में गोली लगी और उनकी मौके पर मौत हो गई। कुछ रिपोर्ट्स में गाड़ी से कुचलने का भी जिक्र है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा:
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़-2 एसडीपीओ अभिषेक सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। उन्होंने बताया, “दोनों पक्षों के काफिले के बीच विवाद हुआ। एक पक्ष ने गोली चलाने और गाड़ी चढ़ाने का आरोप लगाया है। एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एफएसएल टीम बुलाई गई है।” इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है।
राजनीतिक बवाल:
जनसुराज पार्टी ने इसे जंगलराज करार देते हुए अनंत सिंह पर सीधा आरोप लगाया। पियूष प्रियदर्शी के समर्थकों में गुस्सा भड़क गया। मोकामा बहुबली अनंत सिंह (जेडीयू) और आरजेडी की वीणा देवी (सूरजभान सिंह की पत्नी) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला का केंद्र रहा है। जनसुराज की एंट्री से तनाव बढ़ गया।
परिजनों ने अनंत सिंह समर्थकों पर नामजद एफआईआर की मांग की। प्रशासन ने शांति भंग करने वालों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मोकामा में 6 नवंबर को मतदान है।
