पटना: CWC की बैठक में दो प्रस्ताव पारित, जयराम रमेश बोले- देश में सुनियोजित तरीके से की जा रही है वोट चोरी
पटना में कांग्रेस कार्यसमिति की विस्तारित बैठक
देश और बिहार के हालात पर दो प्रस्ताव पास हुए
वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग को पांच करोड़ हस्ताक्षर सौंपकर जवाब मांगेगी कांग्रेस- केसी वेणुगोपाल
जयराम रमेश बोले- राहुल गांधी अगले एक महीने में कई खुलासे करेंगे, मिनी हाइड्रोजन बम, हाइड्रोजन बम, यूरेनियम बम, प्लूटोनियम बम फोड़ेंगे
मोदी सरकार की विफल विदेश नीति, जीएसटी में परिवर्तन, सामाजिक ध्रुवीकरण और जाति जनगणना पर भी हुई चर्चा- रमेश
कन्हैया कुमार बोले- लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बिहार से शुरू होगी, कांग्रेस संविधान द्वारा प्रदत्त ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के सिद्धांत से समझौता नहीं करेगी
कांग्रेस कार्यसमिति ने पार्टी के संगठन को मजबूती देने, वोट चोरी, देश की राजनीतिक स्थिति और बिहार के हालात पर बुधवार को चार घंटे गहन चर्चा की। इस दौरान देश की राजनीतिक स्थिति और बिहार के हालात पर दो प्रस्ताव पारित किए गए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में बिहार के पटना स्थित ऐतिहासिक सदाकत आश्रम में हुई विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।
बाद में पत्रकारों को जानकारी देते हुए कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, संचार विभाग के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश, पार्टी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह और कार्य समिति के सदस्य कन्हैया कुमार ने बताया कि बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित करने के साथ-साथ बिहार के मतदाताओं के लिए एक अपील भी जारी की गई।
केसी वेणुगोपाल ने बताया कि बैठक में संगठन सृजन अभियान और वोट चोरी के मुद्दे पर गहन चर्चा हुई। संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत जिला अध्यक्षों के चयन और संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया चल रही है। पार्टी जिला कांग्रेस अध्यक्षों के चयन में आम कार्यकर्ताओं को भी शामिल कर रही है। जिला अध्यक्षों को पहले से ज्यादा अधिकार दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया गुजरात से शुरू हुई। अब तक दस राज्यों में यह अभियान चल रहा है। इस प्रक्रिया के तहत 144 जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जा चुके हैं।
केसी वेणुगोपाल ने आगे कहा कि बैठक में वोट चोरी के मुद्दे पर चर्चा के दौरान बिहार के नेताओं को वोटर अधिकार यात्रा की भारी सफलता के लिए बधाई दी गई। उन्होंने कहा कि ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा देश के हर कोने तक पहुंच गया है। कांग्रेस द्वारा देश भर में जिला मुख्यालयों पर हजारों लोगों के साथ रात्रि मार्च का आयोजन किया गया और इसी मुद्दे पर राज्य-स्तरीय रैलियां हुईं। इसके अलावा पार्टी ने 15 सितंबर से एक राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया है, जो 15 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि अक्टूबर के अंत में भारत के चुनाव आयोग को पांच करोड़ हस्ताक्षर सौंपे जाएंगे और सवालों के जवाब मांगे जाएंगे।
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में सर्वसम्मति से पारित राजनीतिक प्रस्ताव के बारे में बताते हुए जयराम रमेश ने कहा कि अगले एक महीने में राहुल गांधी वोट चोरी को लेकर कई खुलासे करेंगे; वो मिनी हाइड्रोजन बम, हाइड्रोजन बम, यूरेनियम बम, प्लूटोनियम बम फोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि इसकी शुरुआत कर्नाटक के महादेवपुरा और आलंद विधानसभा क्षेत्रों से हो चुकी है।
मोदी सरकार की विफल विदेश नीति पर बोलते हुए जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री के मित्रों ने देश के लिए मुश्किल हालात पैदा कर दिए हैं। प्रधानमंत्री द्वारा जीएसटी छूट उत्सव की घोषणा पर तंज कसते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि ये आधे-अधूरे सुधार भी कांग्रेस के दबाव के बाद लाए गए हैं।
जयराम रमेश ने आगे बताया कि बैठक में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण, सामाजिक न्याय और जाति जनगणना के मुद्दों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने पूछा कि मोदी बिहार में 65 प्रतिशत आरक्षण को संवैधानिक सुरक्षा क्यों नहीं दे रहे हैं? उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने 30 साल पहले तमिलनाडु में 69 प्रतिशत आरक्षण को संवैधानिक सुरक्षा प्रदान की थी।
बिहार से सम्बंधित प्रस्ताव की जानकारी देते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि बैठक में बिहार के मुद्दों पर चर्चा हुई और राज्य की जनता से अपने वोट की ताकत को पहचानने की अपील की गई। कांग्रेस कार्यसमिति की ओर से बिहार के सभी मतदाताओं से मौलिक संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, आरक्षण व सामाजिक न्याय, और प्रत्येक नागरिक को कल्याणकारी लाभों का उचित वितरण सुनिश्चित करने के लिए लड़ी जा रही लोकतांत्रिक लड़ाई को मजबूत करने का आह्वान किया गया है। कन्हैया कुमार ने कहा कि इस अपील की शुरुआत में बिहार के साथ कांग्रेस के लंबे और गहरे संबंधों का उल्लेख किया गया है कि कैसे आजादी के तुरंत बाद राज्य में औद्योगीकरण के साथ विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई थी।
बिहार से सम्बंधित प्रस्ताव में कहा गया है कि लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बिहार से शुरू होगी। कांग्रेस संविधान द्वारा प्रदत्त एक व्यक्ति एक वोट के सिद्धांत से समझौता नहीं करेगी। प्रस्ताव में कहा गया है कि चुराए गए वोटों से बनी सरकार जनता की चिंताओं के प्रति संवेदनशील नहीं हो सकती। प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि बिहार में कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है, क्योंकि राज्य में सुशासन नहीं, बल्कि पूर्ण कुशासन व्याप्त है।
