राजनीति

वोट चोरी पकड़े जाने से BJP नेता घबराए हुए हैं…वोटर अधिकार यात्रा में राहुल गांधी का हमला

वोट चोरी के खुलासों से हिंदुस्तान भाजपा की सच्चाई जानेगा और फिर अपनी मन की बात मोदी को बताएगा- राहुल गांधी

बोले- नरेंद्र मोदी वोट चोरी कर चुनाव जीतते हैं, यह बाबा साहेब अंबेडकर जी के संविधान और लोकतंत्र पर आक्रमण

भाजपा नेता बहुत उछल रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस ने इनकी चोरी पकड़ ली है

लगातार बढ़ता जा रहा है ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को जनसमर्थन, 13वें दिन बिहार की जनता ने दिल खोलकर किया राहुल का स्वागत

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वोट चोरी के मामले सिर्फ एक जगह तक सीमित नहीं हैं। कांग्रेस महादेवपुरा की तरह आने वाले दिनों में हरियाणा, महाराष्ट्र, कर्नाटक सहित देश के अन्य हिस्सों में भी धांधली को उजागर करेगी। वोट चोरी के खुलासों से हिंदुस्तान भाजपा की सच्चाई जानेगा और फिर अपनी मन की बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताएगा।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार देर शाम बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के 13वें दिन सीवान में जनता को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ राजद नेता तेजस्वी यादव, इंडिया गठबंधन नेता दीपांकर भट्टाचार्य, मुकेश सहनी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

‘वोटर अधिकार यात्रा’ जैसे-जैसे बिहार में आगे बढ़ रही है, यात्रा को मिल रहा भारी जनसमर्थन भी बढ़ता जा रहा है। यात्रा के 13वें दिन बिहार की जनता ने राहुल गांधी का दिल खोलकर स्वागत किया। आलम यह था कि हर जगह लोग घरों-दुकानों, बसों की छतों पर खड़े होकर उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब दिखे। हर कोई यात्रा के ऐतिहासिक पलों को अपने मोबाइल में कैद कर लेना चाहता था। इस दौरान राहुल गांधी हाथ हिलाकर अभिवादन करते तो जनता जोशीले नारों से उनका स्वागत करती।

भाजपा-चुनाव आयोग के बीच मिलीभगत की पोल खोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें काफी समय से चुनावों में धांधली का शक था। उन्हें महाराष्ट्र में इसका सबूत मिल गया। महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन जीता, लेकिन इसके चार महीने बाद विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की। विपक्ष ने चुनाव आयोग से मतदाता सूची और मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी मांगी, लेकिन यह नहीं दी गईं। इसके बाद कांग्रेस ने कर्नाटक की बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र की जांच की, जिसमें पता चला कि इस विधानसभा में एक लाख फर्जी वोट जोड़े गए।

जोशीले नारों के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा नेता बहुत उछल रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस ने इनकी चोरी पकड़ ली है।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए आगे कहा कि गरीबों, दलितों, पिछड़ों, ईबीसी, अल्पसंख्यकों और सामान्य वर्ग के गरीबों को वोट का अधिकार है, लेकिन यह अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी वोट चोरी कर चुनाव जीतते हैं। उन्होंने वोट चोरी को बाबा साहेब अंबेडकर जी के संविधान पर सीधा आक्रमण बताया। प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान पर आक्रमण नहीं होने दिया जाएगा।

एसआईआर प्रक्रिया की तरफ इशारा करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने बिहार की जनता को आगाह भी किया कि वोट चोरी कर संविधान को छीनने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले वोट छीनेंगे, इसके बाद राशन कार्ड और जमीन भी छीन ली जाएगी। उन्होंने नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग को चेतावनी दी कि बिहार में एक भी वोट की चोरी नहीं होने दी जाएगी।

बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की अभूतपूर्व सफलता का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इस यात्रा ने इतनी शक्ति दी है कि ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा पूरे हिंदुस्तान में फैल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *