उत्तराखंड में सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी स्कूल बस, कई बच्चे घायल
उत्तराखंड के हल्द्वानी में आज सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है जहां सुबह करीब 40 बच्चों को ले जा रही एक स्कूल बस चालक के नियंत्रण खो देने के कारण खाई में गिर गई, जिससे एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। बता दें कि यह हादसा लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बरेली रोड स्थित जयपुर बीसा गाँव में उस समय हुआ जब चालक एक अन्य स्कूल बस को रास्ता देने की कोशिश कर रहा था, जिससे बस फिसलकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। जैसे ही बस पलटी, बच्चों में दहशत फैल गई और क्षेत्र में मदद के लिए चीख-पुकार मच गई।
स्कूल बस के खाई में गिरने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुँचे, बस के शीशे तोड़े और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में एक दर्जन से ज़्यादा बच्चे घायल हो गए, जिन्हें तुरंत हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है और बस चालक और कंडक्टर को भी गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही चिंतित अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा के बारे में पूछताछ करने के लिए स्कूल पहुंचे। बता दें कि घटनास्थल स्कूल के नजदीक था, इसलिए घायल बच्चों और कर्मचारियों को निजी वाहनों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
यह हादसा उस समय हुआ जब पदमपुर देवलिया चौराहे के पास दो स्कूल बसें एक-दूसरे को पास देने की कोशिश कर रही थीं। इस दौरान एक बस की गति तेज़ हो गई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में पलट गई। बस में सवार 40 बच्चों में से कई बच्चे घायल हो गए है और उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।
पदमपुर देवलिया गांव के प्रधान रमेश चंद्र जोशी ने दुर्घटना के लिए तापरवाही से वाहन चलाने को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि बस में करीब 40 बच्चे सवार थे. जिसमें एक दर्जन से ज़्यादा बच्चे घायल हो गए। यहां बस चालक नशे की हालत में बस चलाते हैं। इतना बड़ा हादसा होने के बाद भी ज़िला प्रशासन मौके पर नहीं पहुंचा और स्थानीय लोगों ने ही बच्चों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया।
