पाकिस्तान में अल्पसंख्यक महिलाओं पर अत्याचार जारी: इस वर्ष के पहले 10 महीनों में 84 लड़कियों का अपहरण व जबरन धर्मांतरण, 43 पीड़ित नाबालिग
पाकिस्तान में अल्पसंख्यक महिलाओं पर अत्याचार जारी: इस वर्ष के पहले 10 महीनों में 84 लड़कियों का अपहरण व जबरन धर्मांतरण, 43 पीड़ित नाबालिग
नई दिल्ली। पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यक समुदायों के विरुद्ध हो रहे अपराधों पर ‘वॉइस ऑफ पाकिस्तान माइनॉरिटी’ (वीओपीएम) की एक ताजा रिपोर्ट ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 के पहले 10 महीनों में कम से कम 84 अल्पसंख्यक महिलाओं और लड़कियों का अपहरण कर उनका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और फिर उनकी शादी कर दी गई। पीड़ितों में 49 ईसाई और 35 हिंदू महिलाएं एवं लड़कियां शामिल हैं, जिनमें से 43 नाबालिग थीं और छह बच्चियों की उम्र 14 वर्ष से भी कम थी।
प्रांतवार आंकड़ों के अनुसार, सर्वाधिक 47 मामले पंजाब प्रांत में दर्ज किए गए, जिनमें अकेले लाहौर की 18 घटनाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सिंध में 36 और बलूचिस्तान में एक मामला सामने आया। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 2021 से 2025 के बीच ऐसे 515 मामले दर्ज हुए थे, हालांकि मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का मानना है कि भय के कारण कई परिवार शिकायत दर्ज नहीं कराते, जिससे वास्तविक संख्या कहीं अधिक हो सकती है।
पुलिस व न्यायिक देरी की आलोचना, सख्त कानून की मांग
संगठन ने पाकिस्तानी अधिकारियों, पुलिस और अदालतों की धीमी कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए कहा कि कार्रवाई में हर सप्ताह की देरी पीड़ित लड़की की घर वापसी की संभावना को कम कर देती है। वीओपीएम ने स्पष्ट किया कि कोई भी नाबालिग विवाह या धर्मांतरण के लिए स्वतंत्र सहमति नहीं दे सकता, इसलिए पाकिस्तान सरकार को दोषियों पर त्वरित कार्रवाई करने और बच्चों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

