रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमलों को लेकर पुतिन की चेतावनी, यूक्रेन ने कहा- युद्ध रोकें तो अपने आप थम जाएंगे हमले
रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमलों को लेकर पुतिन की चेतावनी, यूक्रेन ने कहा- युद्ध रोकें तो अपने आप थम जाएंगे हमले
कीव। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपील के बावजूद रूसी तेल रिफाइनरियों पर जारी यूक्रेनी हमलों को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके पलटवार में यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने कहा कि यदि पुतिन को ये हमले पसंद नहीं हैं, तो वे युद्ध समाप्त करने का आदेश दें, जिससे ये हमले अपने आप रुक जाएंगे।
मंगलवार को क्रेमलिन में सरकारी और तेल उद्योग के अधिकारियों के साथ बैठक में पुतिन ने कहा था कि ट्रंप की अपील के बावजूद यूक्रेन के हमले जारी हैं और रूस इनका जवाब देगा। रूसी सरकारी एजेंसी TASS के अनुसार, पुतिन ने स्पष्ट किया कि जवाबी कार्रवाई जरूरी है। इसके जवाब में सिबिहा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जब तक युद्ध चलेगा, यूक्रेन रूसी तेल रिफाइनरियों और सैन्य जहाजों को निशाना बना सकता है। उन्होंने पुतिन पर आरोप लगाया कि वे सैनिकों की जान की परवाह किए बिना शिकायत कर रहे हैं, जबकि इस साल रूस 4 लाख 32 हजार सैनिक खो चुका है।
हताहतों के आंकड़े और बढ़ते हमले
सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) की जुलाई की रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी 2022 से जून 2026 के बीच करीब 14 लाख रूसी सैनिक मारे गए, घायल हुए या लापता हुए हैं, और 2026 की पहली छमाही में हर महीने 30 हजार से अधिक हताहत दर्ज किए गए।
हाल के हफ्तों में यूक्रेन ने क्रीमिया ब्रिज, बाल्टिक सागर के कार्गो जहाज, लीबिया के बंदरगाह पर रूसी जहाज और ईंधन सुविधाओं पर हमले तेज किए हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेन्स्की ने दावा किया था कि लंबे दूरी के हमलों से रूस की 55 प्रतिशत से अधिक तेल रिफाइनिंग क्षमता प्रभावित हुई है। गौरतलब है कि सितंबर में ट्रंप ने जेलेन्स्की से इन हमलों को रोकने को कहा था, क्योंकि ईंधन की कमी से अमेरिका में डीजल के दाम बढ़े थे, लेकिन इसके बावजूद हमले जारी हैं।

