बलूचिस्तान के मस्तुंग में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कथित गोलाबारी में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत, 70 हजार आबादी प्रभावित
बलूचिस्तान के मस्तुंग में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कथित गोलाबारी में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत, 70 हजार आबादी प्रभावित
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कथित गोलाबारी में एक दर्जन से अधिक लोगों के मारे जाने और सैकड़ों के घायल होने का दावा किया गया है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, मस्तुंग की करदेगाप तहसील के बुजुर्गों और प्रतिनिधियों के एक दल ने मंगलवार को नेशनल पार्टी के नेता अब्दुल मलिक बलूच से मुलाकात कर क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई से हुए नुकसान की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि चार यूनियन परिषदों में जारी अभियान से करीब 70 हजार लोग प्रभावित हुए हैं और निवासियों को 24 घंटे के भीतर घर खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है।
प्रतिनिधियों ने बताया कि मस्तुंग के गुरगिना इलाके में किल्ली पसुंद खान बाजार को आग लगाए जाने से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है, जिसमें दर्जनों मकान, दुकानें, पशुधन और आभूषण नष्ट हो गए। इसके अलावा किल्ली गुफ्तारी और किल्ली खुरासानी की दुकानों तथा कृषि कार्यों के लिए लगे सौर ऊर्जा संयंत्रों को भी नुकसान पहुंचाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने अब्दुल मलिक बलूच से हस्तक्षेप कर स्थानीय लोगों की सुरक्षा और प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने की अपील की है।
जबरन विस्थापन और मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप
अब्दुल मलिक बलूच ने सुरक्षा बलों की कथित गोलाबारी, आगजनी और धमकियों की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि नागरिकों के जान-माल की रक्षा करना सरकार की बुनियादी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों को पुश्तैनी घरों से जबरन विस्थापित किए जाने को अस्वीकार्य बताया और कहा कि किसी भी कार्रवाई में मानव जीवन व मौलिक अधिकारों की सुरक्षा सर्वोच्च होनी चाहिए।
गौरतलब है कि इससे पहले रविवार देर रात मस्तुंग के संगार रेलवे क्रॉसिंग के पास फ्रंटियर कॉर्प्स (एफसी) शिविर से हुए एक कथित ड्रोन हमले में तीन नागरिक घायल हो गए थे, जो घरेलू उपयोग के लिए पाइपलाइन से गैस निकालने का प्रयास कर रहे थे। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में मानवाधिकार उल्लंघनों को लेकर स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

