यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा टला: चलती बस में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे 40 यात्री
यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा टला: चलती बस में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे 40 यात्री
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर राया कट पुल के ऊपर शनिवार देर रात एक चलती यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख बस में सवार करीब 40 यात्रियों में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार शुरू हो गई। हालांकि, समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग
जानकारी के मुताबिक, खजुराहो ट्रेवल्स की यह बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थी। बस चालक जितेंद्र करीब 40 यात्रियों को लेकर जैसे ही राया थाना क्षेत्र के राया कट पुल के ऊपर पहुंचा, बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में पूरी बस और उसमें रखा यात्रियों का सारा सामान जलकर राख हो गया।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
पुलिस के अनुसार, देर रात करीब 1:38 बजे पीआरवी (PRV) 5840 को इस घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही राया थाना पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
सभी यात्री सुरक्षित, कोई जनहानि नहीं
महावन के क्षेत्राधिकारी (CO) संजीव कुमार राय ने बताया कि पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से बस में सवार सभी 40 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी यात्री हताहत या घायल नहीं हुआ है।

