स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर, 46 लोगों की मौत की खबर; सैकड़ों यात्रियों के बीच बचाव अभियान जारी
स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर, 46 लोगों की मौत की खबर; सैकड़ों यात्रियों के बीच बचाव अभियान जारी
स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार को दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर की खबर सामने आई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस हादसे में कम से कम 46 लोगों की मौत हुई है, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। दुर्घटना में रेनफे एवीई और निजी रेल कंपनी इर्यो की ट्रेनें शामिल थीं। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
स्थानीय समयानुसार सुबह 8:54 बजे उर्दा रेलवे स्टेशन के पास हुई इस दुर्घटना के बाद आपातकालीन सेवाओं को तुरंत मौके पर भेजा गया। कैस्टिला-ला मांचा की 112 आपातकालीन सेवा के अनुसार, अल्काजार डी सैन जुआन और ऑर्गाज से दमकलकर्मियों के साथ आसपास की नगरपालिकाओं से नागरिक सुरक्षा दल भी घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को चिकित्सा सहायता देने के लिए तीन मेडिकल हेलीकॉप्टर भी तैनात किए गए हैं।
मृतकों की संख्या को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट
स्पेन के समाचार माध्यम ‘सुर इन इंग्लिश’ के मुताबिक, स्थानीय अधिकारियों ने शुरुआत में कम से कम 39 लोगों की मौत की पुष्टि की थी। वहीं, अन्य स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 46 बताई गई है। बचावकर्मी मलबे और दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों के आसपास जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं। ऐसे में मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
स्पेनिश अखबार ‘एल पाइस’ की रिपोर्ट के अनुसार, कैस्टिला-ला मांचा की क्षेत्रीय सरकार की प्रवक्ता एस्तेर पडिला ने बताया कि दोनों ट्रेनों में कुल 544 यात्री सवार थे। इनमें इर्यो की ट्रेन में 146 यात्री और एक शिशु मौजूद था, जबकि रेनफे की ट्रेन में 397 यात्री सवार थे।
पीछे से टक्कर लगने की आशंका
दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। क्षेत्रीय सरकार की प्रवक्ता ने कहा कि हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। परिवहन मंत्रालय के एक प्रवक्ता के मुताबिक, शुरुआती संकेतों से आशंका है कि रेनफे एवीई ट्रेन ने इर्यो की ट्रेन को पीछे से टक्कर मारी।
इस टक्कर के कारण इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए और तटबंध से नीचे गिर गए। हादसे की गंभीरता को देखते हुए बचाव दल घायलों को निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में जुटे हैं।
मैड्रिड से आंदालुसिया तक रेल सेवाएं प्रभावित
दुर्घटना के बाद बुधवार सुबह 8:54 बजे से मैड्रिड और आंदालुसिया के बीच हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर परिचालन पूरी तरह रोक दिया गया। इस हादसे का असर मध्यम दूरी की हाई-स्पीड रेल सेवाओं पर भी पड़ा है।
निजी रेल कंपनी इर्यो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि हादसे के बाद मैड्रिड के अतोचा स्टेशन से दक्षिणी रेल कॉरिडोर की ओर जाने वाली सभी सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। कंपनी ने बताया कि उसने आपातकालीन प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए हैं और स्थिति से निपटने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।
वहीं, रेनफे ने भी मैड्रिड, स्यूदाद रियल और आंदालुसिया के बीच रेल सेवाएं निलंबित किए जाने की जानकारी दी है। ‘एल पाइस’ के मुताबिक, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि प्रभावित रेल सेवाएं दोबारा कब शुरू होंगी।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। हादसे के कारणों और हताहतों की अंतिम संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

