राष्ट्रीय

यूपी में रेस्टोरेंट्स पर बड़ा एक्शन, 73 लाइसेंस सस्पेंड

यूपी में रेस्टोरेंट्स पर बड़ा एक्शन, 73 लाइसेंस सस्पेंड

उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत कई नामी रेस्टोरेंट और होटलों के खिलाफ कार्रवाई की है। लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद, वाराणसी और प्रयागराज समेत कई शहरों में हुई जांच के दौरान गंदे किचन, चूहे-कॉकरोच और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जैसी गंभीर कमियां सामने आईं।

जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों के किचन और स्टोरेज एरिया में सफाई की कमी, खुली नालियां और कीड़े-मकौड़ों से बचाव के अपर्याप्त इंतजाम मिले। कुछ जगहों पर सड़ा-गला और एक्सपायर्ड सामान भी रखा पाया गया। इसके बाद विभाग ने 73 बड़े फूड जॉइंट्स के लाइसेंस निलंबित कर दिए।

सुधार के बाद 56 लाइसेंस बहाल

विभाग ने प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने का मौका भी दिया। संबंधित कारोबारियों ने सफाई, पेस्ट कंट्रोल और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के बाद फोटो और वीडियो साक्ष्य भेजे। दोबारा निरीक्षण में व्यवस्था संतोषजनक मिलने पर अब तक 56 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस बहाल कर दिए गए हैं।

विभाग ने एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को लेकर सख्त चेतावनी दी है। संबंधित प्रतिष्ठानों से शपथ पत्र लिया गया है कि वे दोबारा ऐसी लापरवाही नहीं करेंगे। भविष्य में एक्सपायर्ड सामान मिलने पर लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।

ऑनलाइन फूड ऑर्डर पर भी निर्देश

ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने वाले ग्राहकों के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर यह स्पष्ट बताना होगा कि भोजन फ्रोजन है, पहले से तैयार है या ऑर्डर के बाद ताजा बनाया गया है।

अभियान के दौरान बीकानेरवाला, चंपारण मीट, क्लब जलवा, रेबेल फूड्स, टुंडे कबाबी, न्यू कृष्णा भोजनालय, रमाडा होटल और ला पिनोज पिज्जा समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि हुक्का बार खाद्य कारोबार की श्रेणी में नहीं आता, इसलिए फूड लाइसेंस में ‘हुक्का बार’ दर्ज करने पर रोक रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *