दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर BJP-कांग्रेस आमने-सामने
दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर BJP-कांग्रेस आमने-सामने
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन के बीच बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव बढ़ गया है। गुरुवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। बीजेपी ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों से दुर्व्यवहार का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने भी मीडिया के सामने अपने साथ कथित मारपीट और धक्कामुक्की की घटनाओं का जिक्र किया। कांस्टेबल दीपेंद्र संधू ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को धारा 163 लागू होने की जानकारी देने के दौरान पीछे से उन पर हमला किया गया और उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा गया।
हेड कांस्टेबल भूपेंद्र अहलावत ने भी आरोप लगाया कि उन्हें पीछे से खींचकर गिराया गया और उनके साथ मारपीट की गई। वहीं महिला कांस्टेबल सीमा ने दावा किया कि विधायकों को हिरासत में लेने के दौरान उन्हें भी चोट लगी।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार, धक्का-मुक्की और मारपीट को लेकर कई एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जवान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात थे।
वहीं कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े कुछ फैसलों को लेकर निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। मामले में पुलिस की जांच जारी है और दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

