महिला एशिया कप जीत के बाद ट्रॉफी सेरेमनी में विवाद, मोहसिन नकवी को लेकर बढ़ा तनाव
महिला एशिया कप जीत के बाद ट्रॉफी सेरेमनी में विवाद, मोहसिन नकवी को लेकर बढ़ा तनाव
दुबई: श्रीलंका को 72 रनों से हराकर महिला एशिया कप का खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम का जश्न ट्रॉफी सेरेमनी में हुए विवाद के कारण प्रभावित रहा। मैच खत्म होने के काफी देर बाद तक पुरस्कार वितरण समारोह शुरू नहीं हो सका। इससे स्टेडियम में तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला।
इस पूरे घटनाक्रम के केंद्र में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख मोहसिन नकवी रहे। मैच का आखिरी ओवर खत्म होने के बाद भी जब प्रेजेंटेशन शुरू नहीं हुआ, तो स्थिति को लेकर अटकलें तेज हो गईं।
खिलाड़ियों को मैदान पर ही दिए गए मेडल
आमतौर पर प्रेजेंटेशन के अंत में चैंपियन टीम की कप्तान का इंटरव्यू होता है, लेकिन स्थिति को देखते हुए ब्रॉडकास्टर्स ने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर का इंटरव्यू पहले ही कर लिया।
मैदान पर मौजूद बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला खिलाड़ियों से बातचीत करते नजर आए। इसके बाद टीम के सदस्यों को अलग से फील्डिंग मेडल दिए गए। बताया गया कि ट्रॉफी सेरेमनी करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक रुकी रही।
एक साल पहले भी हुआ था ऐसा विवाद
इस घटनाक्रम ने पिछले साल हुए एशिया कप के विवाद की यादें ताजा कर दीं। 2025 में पुरुष एशिया कप जीतने के बाद भारतीय टीम ने भी मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने उस समय बिना ट्रॉफी के ही मैदान पर जश्न मनाया था। रिपोर्ट के मुताबिक, वह ट्रॉफी अब भी दुबई स्थित एशियन क्रिकेट काउंसिल के मुख्यालय में रखी हुई है।
