बैंक फ्रॉड पर ED की बड़ी कार्रवाई: गया के होटल समूह और SREI लोन घोटाले से जुड़े मामलों में बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों में छापेमारी
बैंक फ्रॉड पर ED की बड़ी कार्रवाई: गया के होटल समूह और SREI लोन घोटाले से जुड़े मामलों में बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों में छापेमारी
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को बैंक धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में कई राज्यों में एक साथ बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। पटना और कोलकाता जोनल कार्यालय की टीमों द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है।
रामनंदी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स लिमिटेड पर शिकंजा
ईडी की पटना इकाई ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत गया के ‘रामनंदी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स लिमिटेड’ (RHRL) से जुड़े बैंक फ्रॉड मामले में छापेमारी की है।
फंड डायवर्जन का आरोप: बैंकों के कंसोर्टियम से मिले करीब 85 करोड़ रुपये के ऋण में से लगभग 58 करोड़ रुपये को फर्जी और जाली प्रोजेक्ट कंप्लीशन रिपोर्ट के आधार पर अन्य जगहों पर डायवर्ट करने का आरोप है।
गिरवी संपत्तियां बेचना और बेनामी खरीदार: जांच में यह भी सामने आया है कि लोन के एवज में टाटा मोटर्स लिमिटेड के पक्ष में मॉर्टगेज की गई संपत्तियों को बाद में कम कीमत दिखाकर बेच दिया गया। इस मामले में कुछ खरीदारों के बेनामी या प्रॉक्सी होने की आशंका जताई जा रही है।
छापेमारी के ठिकाने: सीबीआई की चार्जशीट के अनुसार अपराध से जुड़ी कुल राशि 131.79 करोड़ रुपये से अधिक की है। वर्तमान में बिहार के गया में 6, गुरुग्राम में 2 और नई दिल्ली में 1 ठिकाने समेत कुल नौ ठिकानों पर तलाशी चल रही है।
ARSS और AMR समूह के खिलाफ भी कार्रवाई
दूसरी ओर, ईडी के कोलकाता जोनल कार्यालय ने ‘SREI Infrastructure Finance Limited’ और ‘SREI Equipment Finance Limited’ से जुड़े कथित फर्जी ऋण और अनियमितताओं के मामले में सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।
घेरे में प्रमोटर्स: जांच के दायरे में ओडिशा स्थित ARSS समूह के पूर्व प्रमोटर व निदेशक अनिल अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल के अलावा AMR और AMRL समूह के प्रमोटर महेश कुमार रेड्डी अल्थुरु से जुड़े ठिकाने शामिल हैं।
फंड की हेराफेरी: एजेंसी को संदेह है कि लोन के इस्तेमाल में एवरग्रीनिंग, फंड डायवर्जन और राउंड-ट्रिपिंग जैसी वित्तीय गड़बड़ियां की गईं। कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड्स की विस्तृत जांच जारी है।
