Tuesday, September 1, 2026
Latest:
खेल

इंग्लैंड से करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल: मिस्बाह ने दिया इस्तीफा

इंग्लैंड से करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल: मिस्बाह ने दिया इस्तीफा

​लाहौर: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में लगातार दो शर्मनाक हार झेलने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) में हड़कंप मच गया है। दूसरे टेस्ट में 194 रनों की पराजय और सीरीज गंवाने के तुरंत बाद PCB ने पूरी टीम और कोचिंग स्टाफ को बदल डाला, जिससे नाराज होकर पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने पुरुष चयन समिति के सेलेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया है।

​रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिस्बाह ने लाहौर स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी में बैटिंग कंसल्टेंट का पद भी छोड़ दिया है। हालांकि, PCB ने अभी उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया है।

​7 खिलाड़ी ड्रॉप, कोचिंग स्टाफ की भी छुट्टी

​शर्मनाक प्रदर्शन के बाद घबराए बोर्ड ने मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान आगा, अली उस्मान, आमिर जमाल, अवैस जफर और खुर्रम शहजाद को बाकी बचे दौरे से बाहर का रास्ता दिखा दिया।

​इसके साथ ही रेड-बॉल हेड कोच सरफराज खान और बॉलिंग कोच उमर गुल की भी छुट्टी कर दी गई है। बाकी बचे सीरीज के लिए व्हाइट-बॉल कोच माइक हेसन और एशले नोफके को बैकरूम स्टाफ की कमान सौंपी गई है।

​5 अनकैप्ड खिलाड़ियों की सरप्राइज एंट्री

​टीम में बड़े फेरबदल करते हुए PCB ने 5 नए (अनकैप्ड) युवा खिलाड़ियों—अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान जूनियर, साद बेग, मोहम्मद इमरान रंधावा और रजउल्लाह को टीम में शामिल किया है। इनके अलावा सैम अयूब और अब्दुल्ला फजल को भी दोबारा स्क्वाड से जोड़ा गया है।

​9 सितंबर से एजबेस्टन में शुरू हो रहे तीसरे और अंतिम टेस्ट में पाकिस्तान की नजरें पूरी तरह से अपनी साख बचाने पर होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *