‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में बोले PM मोदी- युवाओं को नशे से दूर रखना, इतिहास और विज्ञान से जोड़ना जरूरी
‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में बोले PM मोदी- युवाओं को नशे से दूर रखना, इतिहास और विज्ञान से जोड़ना जरूरी
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड को संबोधित कर रहे हैं। कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं, नशामुक्त भारत, इतिहास को रोचक तरीके से समझने, महिला सशक्तिकरण और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े कई प्रयासों का जिक्र किया।
इतिहास को आसान तरीके से समझने के लिए वेबसाइट का जिक्र
पीएम मोदी ने युवाओं से इतिहास का ज्ञान आसानी से हासिल करने के लिए bharatrajya.com वेबसाइट देखने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस वेबसाइट पर किसी भी साल का चयन करने पर यह जानकारी मिल सकती है कि उस समय भारत के अलग-अलग हिस्सों पर किसका शासन था।
प्रधानमंत्री ने बताया कि मुंबई के कृष्णा शेषाद्रि ने यह वेबसाइट तैयार की है। उन्होंने कहा कि यह पहल इतिहास के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होने के साथ-साथ इतिहास को दिलचस्प तरीके से समझने में भी मदद करेगी।
‘भारत को ड्रग्स मुक्त बनाना है’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ‘नशामुक्त भारत’ के निर्माण में एकजुट होकर योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि इस अभियान का लक्ष्य युवाओं को नशे से दूर रखना और भारत को ड्रग्स से मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि नशे की लत का असर सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है।
PM स्वनिधि योजना में करीब 46% लाभार्थी महिलाएं
प्रधानमंत्री ने PM स्वनिधि योजना का जिक्र करते हुए महिला सशक्तिकरण पर भी बात की। उन्होंने कहा कि इस योजना से लाखों माताओं और बहनों को अपने कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।
पीएम मोदी के मुताबिक, योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं। यानी देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इस योजना से जुड़कर अपने कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं।
Mission ShaktiSAT का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने Mission ShaktiSAT की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस मिशन के माध्यम से 108 देशों की 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक सीखने और इनोवेशन के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि 23 अगस्त, नेशनल स्पेस डे के अवसर पर उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में इस मिशन की एक तस्वीर देखने को मिली। पीएम मोदी ने इसे विज्ञान, तकनीक और छात्राओं की भागीदारी से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ ऐसा मंच है, जहां देश में हो रहे नए और सकारात्मक प्रयासों को सामने लाया जाता है।
