राजनीति

केशव मौर्य ने जाहिर की CM बनने की महत्वाकांक्षा, बोले- ‘मेरी भी इच्छा है, लेकिन फैसला पार्टी करेगी’

केशव मौर्य ने जाहिर की CM बनने की महत्वाकांक्षा, बोले- ‘मेरी भी इच्छा है, लेकिन फैसला पार्टी करेगी’

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री बनने की अपनी महत्वाकांक्षा को लेकर खुलकर बयान दिया है। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि उनकी भी इच्छा है कि वह मुख्यमंत्री बनें, लेकिन सिर्फ उनके चाहने से फैसला नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह पार्टी नेतृत्व तय करेगा।

‘हो सकता है अगली बार आप मुझे CM के रूप में देखें’

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “हो सकता है कि अगली बार आप मुझे मुख्यमंत्री के रूप में देखें या किसी और रूप में देखें। यह पार्टी तय करेगी। मेरी महत्वाकांक्षा से ही कुछ तय नहीं होगा।”

उन्होंने कहा कि फिलहाल भाजपा का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करना है। इसके बाद विधायक दल और पार्टी नेतृत्व की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक मुख्यमंत्री को लेकर फैसला करेंगे।

योगी आदित्यनाथ के साथ मिलकर काम करने का दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कथित राजनीतिक प्रतिस्पर्धा को लेकर पूछे गए सवाल पर केशव मौर्य ने कहा कि दोनों नेता मिलकर काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के तौर पर सभी मिलकर सरकार चलाते हैं और यही वजह है कि भाजपा लगातार सत्ता में बनी हुई है।

मौर्य ने दावा किया कि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल होने तक उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और देश में कांग्रेस की सरकार नहीं आएगी।

‘अखिलेश एक शख्स ऐसा लाकर दिखाएं…’

सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव एक ऐसा व्यक्ति लाकर दिखाएं, जो यह कहे कि उसने रिश्वत देकर नौकरी हासिल की है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने निष्पक्ष तरीके से काम किया है और नौकरियां देते समय सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।

आरक्षण में बदलाव नहीं होगा: मौर्य

आर्थिक आधार पर आरक्षण को लेकर उठ रही मांगों पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए 10 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है, जबकि 40 फीसदी अनारक्षित हिस्से में सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अवसर मिलता है। उन्होंने संकेत दिया कि मौजूदा व्यवस्था जारी रहेगी।

अंकित बालियान हत्याकांड पर बोले- कड़ी कार्रवाई होगी

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या को लेकर मौर्य ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी प्रतिभाशाली व्यक्ति की हत्या चिंता का विषय है और सरकार इस मामले में सख्त कदम उठाएगी।

परिवार की ओर से आरोपियों के एनकाउंटर की मांग पर उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार ऐसी मांग कर सकता है, लेकिन पुलिस कार्रवाई के दौरान परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होती है। अगर आरोपी पुलिस पर फायरिंग करता है तो जवाबी कार्रवाई में एनकाउंटर की स्थिति बन सकती है।

प्रयागराज की बाढ़ पर अखिलेश पर साधा निशाना

प्रयागराज में बाढ़ और जलभराव को लेकर अखिलेश यादव की ओर से सरकार पर सवाल उठाए जाने पर केशव मौर्य ने पलटवार किया। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय विकास के काम नहीं हुए।

मौर्य ने दावा किया कि प्रयागराज में जलभराव की समस्या को लेकर उन्होंने खुद अधिकारियों से कार्रवाई करने को कहा और नालों की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को फटकार भी लगाई।

‘भाजपा 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी’

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि भाजपा 300 से ज्यादा सीटें हासिल करेगी। उन्होंने अखिलेश यादव के सत्ता में वापसी के दावे को ‘मुंगेरी लाल का हसीन सपना’ बताते हुए कहा कि यह सपना पूरा नहीं होगा।

अब केशव मौर्य के मुख्यमंत्री बनने की इच्छा वाले बयान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व ही करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *