पेट्रोल पंपों पर फिर मिलेगा ‘नॉर्मल’ E10 पेट्रोल? BPCL ने साफ किया रुख, जानें E10 और E20 में अंतर
पेट्रोल पंपों पर फिर मिलेगा ‘नॉर्मल’ E10 पेट्रोल? BPCL ने साफ किया रुख, जानें E10 और E20 में अंतर
नई दिल्ली। E20 पेट्रोल को लेकर जारी बहस के बीच पेट्रोल पंपों पर कम एथेनॉल मिश्रण वाला E10 पेट्रोल दोबारा उपलब्ध कराने की चर्चा तेज हो गई है। मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने पुराने वाहनों के लिए E10 पेट्रोल का विकल्प उपलब्ध कराने का सुझाव दिया था। हालांकि, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल E20 पेट्रोल को E10 से बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं है।
BPCL ने क्या कहा?
BPCL के चेयरमैन और एमडी संजय खन्ना ने AGM के बाद कहा कि उन्होंने यह नहीं कहा कि E20 पेट्रोल को E10 से बदला जाएगा। उनके मुताबिक चर्चा केवल इस बात को लेकर है कि पुराने वाहनों के लिए कम एथेनॉल मिश्रण वाला पेट्रोल अलग विकल्प के तौर पर उपलब्ध कराया जाए या नहीं।
BPCL ने बाद में सोशल मीडिया पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि मौजूदा E20 ब्लेंडेड पेट्रोल को E10 से बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं है। कंपनी के मुताबिक उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया था।
सरकार नीति बदले तो अलग बात
खन्ना के अनुसार, अगर भविष्य में सरकार एथेनॉल मिश्रण नीति में बदलाव करती है तो E20 से E10 या किसी अन्य मिश्रण पर जाना BPCL के लिए कोई बड़ी परिचालन समस्या नहीं होगी। हालांकि, एक साथ अलग-अलग ग्रेड के पेट्रोल की सप्लाई और वितरण करना व्यावहारिक चुनौती हो सकती है।
E10 और E20 पेट्रोल में क्या अंतर?
E10 पेट्रोल: 10% एथेनॉल + 90% पेट्रोल
E20 पेट्रोल: 20% एथेनॉल + 80% पेट्रोल
केंद्र सरकार एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम के जरिए पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता घटाने, किसानों की आय बढ़ाने और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है।
क्या E20 से गाड़ियों को नुकसान हो रहा है?
E20 पेट्रोल को लेकर पुराने वाहनों के संबंध में कई दावे सामने आए हैं। हालांकि, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने अपनी फैक्टशीट में कहा था कि E15 से ज्यादा एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन का इस्तेमाल साढ़े तीन साल से अधिक समय से और E19-E20 ईंधन का इस्तेमाल ढाई साल से ज्यादा समय से हो रहा है।
मंत्रालय के अनुसार, इस अवधि में एथेनॉल मिश्रण की वजह से बड़े पैमाने पर इंजन खराब होने या वाहनों में तकनीकी विफलता की कोई प्रमाणित घटना सामने नहीं आई है।
फिलहाल E20 नीति में बदलाव नहीं
इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह है कि अभी E20 पेट्रोल को बंद करने या पूरे देश में E10 पेट्रोल से बदलने का कोई फैसला नहीं हुआ है। E10 को लेकर चर्चा मुख्य रूप से पुराने वाहनों के लिए अलग विकल्प उपलब्ध कराने की संभावना तक सीमित है।
