हरियाणा विधानसभा में हंगामा, काले कपड़ों में पहुंचे कांग्रेस विधायक; हुड्डा-पुलिस के बीच धक्कामुक्की के वीडियो पर विवाद
हरियाणा विधानसभा में हंगामा, काले कपड़ों में पहुंचे कांग्रेस विधायक; हुड्डा-पुलिस के बीच धक्कामुक्की के वीडियो पर विवाद
चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा के सत्र की शुरुआत गुरुवार को जोरदार हंगामे के साथ हुई। कांग्रेस के सभी विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर बीजेपी और कांग्रेस ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग वीडियो भी सामने आए हैं।
हुड्डा पर पुलिसकर्मियों को कोहनी मारने का आरोप
बीजेपी ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा विधानसभा परिसर में प्रवेश करने की कोशिश के दौरान पुलिसकर्मियों से उलझे और उन्हें कोहनी मारी। वीडियो में हुड्डा हाथ में एक होर्डिंग लिए नजर आ रहे हैं और सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें रोकने की कोशिश की जा रही है।
हालांकि, कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को खारिज करते हुए अपना एक वीडियो जारी किया। कांग्रेस का दावा है कि विधानसभा के बाहर सुरक्षा कर्मियों ने उसके विधायकों के साथ धक्कामुक्की की। कांग्रेस द्वारा जारी वीडियो में भीड़ के बीच एक पुलिसकर्मी हुड्डा को कोहनी मारता हुआ दिखाई दे रहा है।
काले कपड़ों में विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक
गुरुवार को कांग्रेस विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे। इससे पहले सदन में वंदे मातरम के दौरान कांग्रेस विधायक सदन से बाहर रहे। विधानसभा परिसर में प्रवेश के दौरान कथित धक्कामुक्की को लेकर कांग्रेस विधायकों ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया।
विधायक कुलदीप वत्स ने विधानसभा अध्यक्ष के सामने सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार को लेकर विरोध दर्ज कराया। इसके बाद सदन की कार्यवाही करीब 20 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
कांग्रेस ने सुरक्षा कर्मियों पर लगाया बदसलूकी का आरोप
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने सुरक्षाकर्मियों के कथित दुर्व्यवहार की शिकायत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जनता द्वारा चुने गए विधायकों को विधानसभा में प्रवेश करने से रोका गया और उनके साथ धक्कामुक्की की गई।
हुड्डा ने बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीजेपी सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों को विधानसभा भवन में जाने से बलपूर्वक रोकना बेहद शर्मनाक है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद हुड्डा को कोहनी किसने मारी और विधानसभा परिसर में वास्तव में क्या हुआ, इसको लेकर बीजेपी और कांग्रेस के दावे आमने-सामने हैं। दोनों पक्षों के वीडियो सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है।
