अन्तर्राष्ट्रीय

ट्रंप का दावा- ईरान के सर्वोच्च नेता गंभीर रूप से घायल, युद्ध जल्द खत्म होने की उम्मीद

ट्रंप का दावा- ईरान के सर्वोच्च नेता गंभीर रूप से घायल, युद्ध जल्द खत्म होने की उम्मीद

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की स्थिति को लेकर बड़ा दावा किया है। एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि खामेनेई की मौत नहीं हुई है, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हैं। हालांकि, ट्रंप ने अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया।

ट्रंप ने कहा कि ईरानी अधिकारी अब भी सर्वोच्च नेता से सलाह और महत्वपूर्ण मामलों पर उनकी मंजूरी लेने की बात कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान के साथ जारी सैन्य संघर्ष जल्द खत्म हो सकता है और अमेरिका को बड़ी जीत मिलने की उम्मीद है।

22 नौकाओं को नष्ट करने का दावा

ट्रंप ने अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का जिक्र करते हुए दावा किया कि नाकाबंदी से जुड़ी कार्रवाई के दौरान अमेरिकी नौसेना ने एक रात में 22 नौकाओं को नष्ट किया। उन्होंने अमेरिकी सेना के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि ईरान की सैन्य क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है।

ट्रंप के मुताबिक ईरान की नौसेना और वायुसेना को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि देश आर्थिक दबाव, महंगाई और अन्य समस्याओं से जूझ रहा है।

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर भी बयान

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ट्रंप ने दावा किया कि वहां से तेल की आवाजाही जारी है। उन्होंने कहा कि समुद्री बारूदी सुरंगें हटाई जा चुकी हैं और जलडमरूमध्य सक्रिय है। उनके मुताबिक, एक दिन में करीब 10 मिलियन बैरल तेल की आवाजाही हुई।

परमाणु हथियार रोकना मुख्य उद्देश्य

ट्रंप ने कहा कि ईरान के खिलाफ अभियान का सबसे बड़ा उद्देश्य उसे परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है। उन्होंने इसे पूरे संघर्ष का मुख्य मुद्दा बताया।

ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा कि सुरक्षा बलों और स्नाइपर्स के डर के कारण लोग बड़े पैमाने पर सड़कों पर उतरने से बच रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ईरान के कमजोर होने के साथ हालात में बदलाव आ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *