मनोरंजन

Kuku Kohli Death: मशहूर फिल्म निर्देशक कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में निधन, बॉलीवुड में शोक की लहर

Kuku Kohli Death: मशहूर फिल्म निर्देशक कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में निधन, बॉलीवुड में शोक की लहर

मुंबई: हिंदी फिल्म जगत के जाने-माने निर्देशक कुकू कोहली का मंगलवार को 77 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर की पुष्टि उनके करीबी लोगों ने की है। कुकू कोहली के अचानक निधन से बॉलीवुड और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

हार्ट अटैक से हुआ निधन

बताया जा रहा है कि कुकू कोहली किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित नहीं थे। मंगलवार को अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

फिल्ममेकर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर कुकू कोहली के निधन पर दुख जताते हुए उन्हें अपना करीबी दोस्त और बेहतरीन फिल्ममेकर बताया। उन्होंने इसे फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति बताया और उनकी पत्नी अरुणा ईरानी तथा बेटियों करिश्मा कोहली और पूजा कोहली के प्रति संवेदना व्यक्त की।

अजय देवगन की पहली फिल्म का किया था निर्देशन

कुकू कोहली ने साल 1991 में ‘फूल और कांटे’ से बतौर निर्देशक बॉलीवुड में डेब्यू किया था। खास बात यह है कि यह अभिनेता अजय देवगन की भी पहली फिल्म थी। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और कुकू कोहली को इंडस्ट्री में पहचान मिली।

इसके बाद उन्होंने ‘सुहाग’, ‘कोहराम’, ‘हकीकत’, ‘अनाड़ी नंबर-1’, ‘जुल्मी’, ‘ये दिल आशिकाना’ और ‘वो तेरा नाम था’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। 1990 के दशक और 2000 के शुरुआती वर्षों में उनकी फिल्मों ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई।

फिल्म इंडस्ट्री की संस्थाओं में भी निभाई जिम्मेदारी

कुकू कोहली फिल्म निर्माण और निर्देशन के साथ फिल्म इंडस्ट्री की कई प्रमुख संस्थाओं से भी जुड़े रहे। उन्होंने इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी और इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के महासचिव के तौर पर भी जिम्मेदारी निभाई थी।

अरुणा ईरानी से हुई थी शादी

कुकू कोहली की पत्नी हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी हैं। दोनों की मुलाकात फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के दौरान हुई थी।

कुछ समय पहले रियलिटी शो इंडियन आइडल में अरुणा ईरानी ने अपनी और कुकू कोहली की प्रेम कहानी का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि शुरुआत में दोनों की बिल्कुल नहीं बनती थी, लेकिन शूटिंग के दौरान बातचीत और दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।

अरुणा ईरानी हिंदी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल हैं और उन्होंने अपने लंबे करियर में 500 से अधिक फिल्मों में काम किया है।

कुकू कोहली के निधन से हिंदी फिल्म जगत ने एक अनुभवी निर्देशक और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े महत्वपूर्ण व्यक्तित्व को खो दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *