टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए सीएम धामी, प्रदेशभर से आई बहनों ने सीएम धामी को बांधा रक्षा सूत्र
टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए सीएम धामी, प्रदेशभर से आई बहनों ने सीएम धामी को बांधा रक्षा सूत्र
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सहारनपुर चौक, देहरादून में आयोजित टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में हिस्सा लिया। उन्होंने टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज और टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने भगवान टपकेश्वर महादेव से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजन समाज में आस्था, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।
उन्होंने शोभायात्रा से जुड़े संत-महात्माओं, आयोजन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान टपकेश्वर महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
प्रदेशभर से आई बहनों ने सीएम धामी को बांधा रक्षा सूत्र, मुख्यमंत्री ने जताया आभार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा। बहनों ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी का आत्मीय स्वागत करते हुए आभार जताया और प्रदेशवासियों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पावन पर्व है। प्रदेश की मातृशक्ति और बहनों का स्नेह व आशीर्वाद उन्हें उत्तराखंड की सेवा और राज्य के विकास के लिए निरंतर ऊर्जा प्रदान करता है।
महिला सशक्तीकरण को सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य की सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है।
3.09 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में प्रधानमंत्री की लखपति दीदी की परिकल्पना को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। उनके अनुसार प्रदेश में 3 लाख 9 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पादों, कृषि, हस्तशिल्प और विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के जरिए अपनी आजीविका मजबूत करने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी योगदान दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण योजना और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने राज्य निर्माण से लेकर विकास तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, कृषि, उद्यमिता और सामाजिक क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाएं मौजूद रहीं।
