लाइफ स्टाइल

नशामुक्त भारत अभियान: सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर 14446, 29.05 करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंचा अभियान

नशामुक्त भारत अभियान: सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर 14446, 29.05 करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंचा अभियान

नई दिल्ली: भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत हेल्पलाइन नंबर 14446 जारी किया है। मंत्रालय ने लोगों से नशे से दूर रहने, दूसरों को जागरूक करने और नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने की अपील की है।

14446 पर मिलेगी मदद

मंत्रालय ने लोगों से राष्ट्रीय नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 पर संपर्क करने की अपील की है। अभियान के तहत लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और नशीले पदार्थों से जुड़ी विभिन्न स्थितियों के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।

मंत्रालय के अनुसार:

तीव्र नशा: नशीले पदार्थ के सेवन के बाद चेतना, व्यवहार और धारणा में बदलाव।

ओवरडोज: किसी दवा या पदार्थ की अधिक मात्रा लेने से होने वाले गंभीर शारीरिक या मानसिक प्रभाव।

विदड्रॉल: लंबे समय तक सेवन के बाद अचानक छोड़ने पर होने वाले लक्षण।

हानिकारक उपयोग: ऐसा सेवन जो स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन को नुकसान पहुंचाए।

निर्भरता: पदार्थ के सेवन की बढ़ती इच्छा और उस पर नियंत्रण खोने की स्थिति।

मंत्रालय ने लोगों से ‘नशामुक्ति मित्र’ बनने और स्वस्थ एवं नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की है।

2020 में 272 जिलों से शुरू हुआ था अभियान

सरकार के अनुसार ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ (NMBA) की शुरुआत 15 अगस्त 2020 को देश के 272 नशीले पदार्थों के सेवन के लिहाज से संवेदनशील जिलों में की गई थी। अगस्त 2023 से इसका विस्तार करके इसे देश के सभी जिलों में लागू किया गया।

अभियान का उद्देश्य जागरूकता फैलाने, समुदाय की भागीदारी बढ़ाने और नशामुक्ति से जुड़ा बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार करके नशीले पदार्थों के सेवन को रोकना और कम करना है।

स्कूल-कॉलेजों पर विशेष फोकस

अभियान के तहत स्कूलों, विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशे से दूर रखने के लिए सामुदायिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाना है।

29.05 करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंचा अभियान

सरकार की ओर से राज्यसभा में दी गई जानकारी के मुताबिक, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहयोग से ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत देशभर में जागरूकता और पहुंच से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से 29.05 करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाई गई है।

इनमें 11.05 करोड़ से अधिक युवा और 7.81 करोड़ महिलाएं शामिल हैं।

सरकार का कहना है कि अभियान के जरिए नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नशामुक्ति के लिए उपलब्ध सहायता और सेवाओं की जानकारी भी दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *