उत्तराखंड

उत्तराखंड में नई राजनीतिक पार्टी ‘सर्वजन सनातन पार्टी’ की एंट्री, 2027 विधानसभा चुनाव की सभी सीटों पर लड़ेगी चुनाव

उत्तराखंड में नई राजनीतिक पार्टी ‘सर्वजन सनातन पार्टी’ की एंट्री, 2027 विधानसभा चुनाव की सभी सीटों पर लड़ेगी चुनाव

​देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की नजदीकियों के बीच राज्य के राजनीतिक गलियारे में एक नए दल ‘सर्वजन सनातन पार्टी’ (SSP) की एंट्री हुई है। पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 70 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने और चुनाव लड़ने की आधिकारिक घोषणा की है।

​पूर्व सीबीआई निदेशक हैं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष:

साल 2021 में गठित हुई इस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के पूर्व अंतरिम निदेशक एम. नागेश्वर राव हैं। उन्होंने उत्तराखंड में चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए कहा कि पार्टी ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की भावना के साथ काम करेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका तथा सांस्कृतिक पहचान को अपना मुख्य एजेंडा बनाएगी।

​मुख्य एजेंडा और गौ माता को ‘राज्य माता’ का दर्जा देने का वादा:

नागेश्वर राव ने गौ माता को सनातन सभ्यता और समृद्धि का प्रतीक बताते हुए उनके चार पैरों की तुलना पार्टी के चार प्रमुख स्तंभों—निशुल्क शिक्षा, निशुल्क स्वास्थ्य, आजीविका और सांस्कृतिक पहचान से की। उन्होंने घोषणा की कि यदि उत्तराखंड में उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो गौ माता को ‘राज्य माता’ का दर्जा दिया जाएगा, जबकि केंद्र में सत्ता मिलने पर उन्हें ‘राष्ट्र माता’ घोषित कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

​भाजपा पर सनातन के नाम पर राजनीति करने का आरोप:

बीजेपी और अपनी पार्टी की विचारधारा में अंतर पर बात करते हुए एसएसपी प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि बीजेपी सनातन की सच्ची हितैषी नहीं है, बल्कि इसके नाम पर केवल राजनीति करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि बीजेपी वास्तव में सनातन संस्कृति की रक्षक है, तो देश से गोमांस (बीफ) का निर्यात क्यों हो रहा है? इसके साथ ही उन्होंने हिंदू धार्मिक स्थलों और मंदिरों पर सरकारी नियंत्रण का मुद्दा उठाते हुए बीजेपी के दावों पर सवाल खड़े किए।

​पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी समुदाय के खिलाफ माहौल बनाना नहीं, बल्कि सभी वर्गों को साथ लेकर उत्तराखंड का विकास करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *