अंकिता भंडारी हत्याकांड: उर्मिला सनावर को नहीं मिली जमानत, 31 अक्तूबर को होगी अगली सुनवाई
अंकिता भंडारी हत्याकांड: उर्मिला सनावर को नहीं मिली जमानत, 31 अक्तूबर को होगी अगली सुनवाई
देहरादून/हरिद्वार: अंकिता भंडारी हत्याकांड में नार्को टेस्ट की सहमति देने वाली एक्ट्रेस उर्मिला सनावर की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) कोर्ट से गुरुवार को उन्हें जमानत नहीं मिल सकी, जिसके चलते वे फिलहाल जेल में ही रहेंगी। मामले में जमानत याचिका पर अगली सुनवाई अब 31 अक्तूबर को तय की गई है।
पुलिस रिपोर्ट के लिए मांगा अतिरिक्त समय:
गुरुवार को हुई सुनवाई के दौरान उर्मिला के वकील की जमानत याचिका पर कोर्ट ने रानीपुर कोतवाली पुलिस से मामले की जांच आख्या रिपोर्ट पेश करने को कहा था। हालांकि, पुलिस ने न्यायालय से रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग की। लोक अभियोजक धर्मेंद्र आर्या ने बताया कि पुलिस के अनुरोध पर कोर्ट ने रिपोर्ट दाखिल करने के लिए दो दिन का समय दिया है, जिसके बाद 31 अक्तूबर को याचिका पर सुनवाई होगी।
ब्लैकमेलिंग का है आरोप:
उर्मिला सनावर को पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया था। उन पर 5 करोड़ रुपये मांगने और पीड़िता को ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप है।
देहरादून में एक और मुकदमा दर्ज:
जमानत न मिलने के साथ ही उर्मिला की कानूनी परेशानियां और बढ़ गई हैं। देहरादून निवासी सागर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उनके खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला ने सोशल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर भ्रामक, अमर्यादित और मानहानिकारक वीडियो प्रसारित किए हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य चरित्र हनन करना और सार्वजनिक शांति भंग करना था।

