KBC 18 में अमिताभ बच्चन ने खोले घरेलू जिंदगी के राज, बताया- देर से घर पहुंचने पर क्या करती हैं जया
KBC 18 में अमिताभ बच्चन ने खोले घरेलू जिंदगी के राज, बताया- देर से घर पहुंचने पर क्या करती हैं जया
मुंबई: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन फिल्मों और कैमरे की दुनिया में दशकों से सक्रिय हैं, लेकिन निजी जिंदगी को लेकर वह कम ही बातें करते हैं। हालांकि, टीवी के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ में अमिताभ अक्सर अपनी जिंदगी से जुड़े दिलचस्प किस्से साझा करते नजर आते हैं। हालिया एपिसोड में उन्होंने पत्नी और अभिनेत्री जया बच्चन के साथ अपने रिश्ते और घर के माहौल को लेकर कई बातें बताईं।
देर से घर पहुंचने पर जया से बचने के लिए पहले ही कर देते हैं मैसेज
शो में कंटेस्टेंट प्रीति राज ने अमिताभ से पूछा कि अगर वह देर रात घर पहुंचते हैं तो क्या जया उन्हें डांटती हैं। इस सवाल पर अमिताभ मुस्कुराए और बताया कि उन्हें पहले से अंदाजा रहता है कि देर से पहुंचने पर क्या सवाल हो सकते हैं।
अमिताभ ने बताया कि वह शूटिंग के दौरान सुबह ही फैमिली ग्रुप में मैसेज कर देते हैं कि उनकी शूटिंग कहां है और उन्हें घर पहुंचने में देर हो सकती है। वह परिवार को पहले ही बता देते हैं कि उनके देर से आने के कारण खाने का इंतजार न किया जाए।
बिना बताए देर से पहुंचने पर होती है पूछताछ
जब कंटेस्टेंट ने पूछा कि अगर वह बिना बताए देर से घर पहुंच जाएं तो क्या होता है, अमिताभ ने बताया कि ऐसी स्थिति में जया उनसे सवाल करती हैं कि वह कहां थे और उन्होंने पहले क्यों नहीं बताया।
अमिताभ के मुताबिक, अगर उन्हें बहुत ज्यादा देर हो जाती है तो जया अपना खाना खाकर सोने चली जाती हैं।
घर का काम खुद संभाल लेते हैं बिग बी
अमिताभ ने यह भी बताया कि घर में काम करने वाला स्टाफ मौजूद न हो तो वह खुद घरेलू काम संभाल लेते हैं। उन्होंने कहा कि वह घर की साफ-सफाई कर लेते हैं।
हालांकि, अमिताभ ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उन्हें खाना बनाना नहीं आता। ऐसे में अगर घर में खाना बनाने वाला कोई नहीं होता तो वह कभी बाहर से खाना मंगवा लेते हैं और कभी जया से खाना बनाने के लिए कह देते हैं।
जया के हाथ के खाने के हैं कायल
जया से खाना बनाने के लिए कहने को लेकर अमिताभ ने एक प्यारा किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जया उनके लिए अलग-अलग तरह के पकवान बनाने को लेकर काफी उत्साहित हो जाती हैं और खाना खिलाने के बाद उनसे पूछती हैं कि खाना कैसा लगा।
अमिताभ ने कहा कि उन्हें जया के हाथ का बना खाना काफी पसंद है।
आम की खीर का भी किया जिक्र
बातचीत के दौरान अमिताभ ने अपनी पसंदीदा डिश से जुड़ा एक और किस्सा बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने खीर खाना छोड़ दिया है, लेकिन हाल ही में जया ने उनके लिए आम की खीर बनाई थी।
इसके बाद अमिताभ ने शो के दौरान ही जया के लिए प्यार भरे अंदाज में आम की खीर के लिए उनका शुक्रिया अदा किया।
‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ का प्रसारण सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर किया जाता है।
