अर्जुन रामपाल ने गैब्रिएला डेमेट्रियड्स से की शादी रजिस्टर, गोवा के UCC के तहत पूरी हुई कानूनी प्रक्रिया
अर्जुन रामपाल ने गैब्रिएला डेमेट्रियड्स से की शादी रजिस्टर, गोवा के UCC के तहत पूरी हुई कानूनी प्रक्रिया
गोवा: बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल और उनकी लंबे समय से पार्टनर रहीं गैब्रिएला डेमेट्रियड्स ने अपनी शादी को आधिकारिक तौर पर रजिस्टर करा लिया है। कपल ने गोवा के यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के तहत शादी की कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
दोनों शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे उत्तरी गोवा के मापुसा स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे। इस दौरान अर्जुन और गैब्रिएला कैजुअल आउटफिट में नजर आए। उनके साथ कुछ करीबी दोस्त भी मौजूद थे।
सब-रजिस्ट्रार सूरज वर्नेकर ने PTI को पुष्टि की कि दोनों की शादी गोवा के UCC फ्रेमवर्क के तहत रजिस्टर की गई है।
लंबे समय से साथ हैं अर्जुन और गैब्रिएला
अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला डेमेट्रियड्स साल 2018 से साथ रह रहे हैं। दिसंबर 2025 में दोनों ने लंबे समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद अपनी सगाई की जानकारी दी थी।
अर्जुन ने रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान गैब्रिएला के साथ अपनी सगाई की पुष्टि की थी। इसके बाद अब दोनों ने अपनी शादी को कानूनी रूप से रजिस्टर करा लिया है।
दो बेटों के माता-पिता हैं
अर्जुन और गैब्रिएला के दो बेटे हैं। उनके बड़े बेटे अरिक का जन्म 2019 में हुआ था, जबकि छोटे बेटे अराव का जन्म 2023 में हुआ।
गैब्रिएला दक्षिण अफ्रीका में जन्मी और पली-बढ़ी हैं। उन्होंने 16 साल की उम्र में मॉडलिंग शुरू की थी और बाद में फैशन डिजाइन की पढ़ाई की।
मेहर जेसिया से हुई थी अर्जुन की पहली शादी
गैब्रिएला से शादी से पहले अर्जुन रामपाल ने पूर्व सुपरमॉडल और एंटरप्रेन्योर मेहर जेसिया से 1998 में शादी की थी। दोनों की दो बेटियां माहिका और मायरा हैं।
अर्जुन और मेहर ने 2018 में अलग होने की घोषणा की थी। इसके बाद 2019 में दोनों का तलाक हो गया। अलग होने के बावजूद अर्जुन कई मौकों पर कह चुके हैं कि वे अपनी बेटियों की परवरिश मिल-जुलकर कर रहे हैं।
