RSS की अखिल भारतीय बैठक के बाद मुकुंद सीआर बोले- युवाओं से संवाद पर जोर, मोहन भागवत की विदेश यात्रा के बताए उद्देश्य
RSS की अखिल भारतीय बैठक के बाद मुकुंद सीआर बोले- युवाओं से संवाद पर जोर, मोहन भागवत की विदेश यात्रा के बताए उद्देश्य
विशाखापत्तनम: अखिल भारतीय समन्वय बैठक के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के संघ सह सरकार्यवाह मुकुंद सीआर ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने युवा पीढ़ी को संगठन और भारतीय संस्कृति से जोड़ने, सांस्कृतिक मूल्यों के प्रसार तथा सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत की प्रस्तावित अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन यात्रा को लेकर जानकारी साझा की।
युवाओं से सीधे संवाद पर संघ का जोर
युवाओं में संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर पूछे गए सवाल पर मुकुंद सीआर ने कहा कि संघ का कार्य युवाओं के बीच व्यापक स्तर पर चल रहा है। उनके मुताबिक, इस वर्ष करीब 21 हजार युवा स्वयंसेवकों ने 21 दिवसीय प्रशिक्षण वर्गों में हिस्सा लिया है। दैनिक शाखाओं में भी 60 प्रतिशत से अधिक भागीदारी युवाओं की है।
उन्होंने कहा कि युवाओं में संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों का निर्माण केवल भाषणों या पोस्टरों के जरिए नहीं किया जा सकता। इसके लिए युवाओं के साथ लगातार संवाद करना, उनकी भावनाओं को समझना और भारत की सांस्कृतिक विरासत से उन्हें अनुभव के स्तर पर जोड़ना जरूरी है।
मुकुंद सीआर के अनुसार, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, बजरंग दल और हिंदू जागरण मंच समेत विभिन्न संगठनों के माध्यम से युवाओं के बीच काम किया जा रहा है। उन्होंने धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक संगठनों से भी युवाओं में सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
मोहन भागवत की विदेश यात्रा के तीन प्रमुख उद्देश्य
डॉ. मोहन भागवत की प्रस्तावित अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन यात्रा के उद्देश्य पर मुकुंद सीआर ने कहा कि यह यात्रा RSS के शताब्दी वर्ष के अवसर पर व्यापक वैश्विक संपर्क अभियान का हिस्सा है।
उन्होंने इसके तीन प्रमुख उद्देश्य बताए—
1. भारत और हिंदू समाज को लेकर फैली भ्रांतियों और दुष्प्रचार के बीच तथ्यपरक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण प्रस्तुत करना।
2. भारत की परंपरा में दिए गए ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और वैश्विक एकात्मता के संदेश को दुनिया के विभिन्न समाजों तक पहुंचाना।
3. विदेशों में रहने वाले हिंदुओं और भारतीय मूल के लोगों के हितों तथा अधिकारों को लेकर वहां के मुख्यधारा समाज के साथ संवाद बढ़ाना।
न्यूयॉर्क, टोरंटो और लंदन में कार्यक्रम
मुकुंद सीआर ने बताया कि प्रस्तावित यात्रा के दौरान मोहन भागवत न्यूयॉर्क में Universal Oneness कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा टोरंटो और लंदन में सामुदायिक नेतृत्व से जुड़े कार्यक्रमों में भी उनकी सहभागिता प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि संघ युवाओं के साथ निरंतर संपर्क और संवाद को महत्वपूर्ण मानता है तथा युवाओं की सकारात्मक भागीदारी को देखते हुए संगठन को देश के भविष्य को लेकर विश्वास है।
